ब्यावर पंचायत चुनाव-2026: बदनौर, मसूदा और रायपुर में धारा 163 लागू
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव प्रचार, जनसभाओं और मतदान केंद्रों के पास मोबाइल उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है।

ब्यावर जिले की बदनौर, मसूदा और रायपुर पंचायत समिति क्षेत्रों में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों की राजस्व सीमाओं में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू कर निषेधाज्ञा जारी की है।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार बदनौर, मसूदा और रायपुर पंचायत समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। इसके मद्देनजर 12 नवंबर शाम 6 बजे से 14 नवंबर शाम 6 बजे तक किसी भी प्रकार के चुनाव प्रचार और जनसभाओं पर प्रतिबंध रहेगा।
इसी तरह पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर (सोमवार) को होने वाले मतदान को देखते हुए 14 नवंबर शाम 6 बजे से 16 नवंबर शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार और जनसभाएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। निर्वाचन के चतुर्थ चरण में मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर रोक लागू रहेगी। इस अवधि में किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा विधि विरुद्ध जमाव करने, जनसभा आयोजित करने, उसमें शामिल होने अथवा जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
आदेश में मतदान केंद्रों के आसपास भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके तहत मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में कोई भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल चुनाव कार्यालय अथवा सहायता केंद्र स्थापित नहीं कर सकेगा। मतदान के दिन केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के मोबाइल फोन, सेलफोन, वायरलेस सेट या अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण का उपयोग करने और उन्हें अपने साथ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
निषेधाज्ञा की अवधि में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकद राशि, शराब या उपहार बांटने जैसी अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
