ब्यावर में राजस्थान पुलिस के राज्य स्तरीय अभियान 'महिला सुरक्षा संकल्प – सेफ्टी एंड डिग्निटी फॉर एवरी वुमन' के तहत बुधवार को वर्धमान कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमलराम मीना, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सोनल पारीक, पुलिस अधिकारी, सुरक्षा सखियां, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका समूह, एनएसएस-एनसीसी के प्रतिनिधि, शिक्षिकाएं, महिला अधिवक्ता, आशा सहयोगिनी, छात्रावास वार्डन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने महिलाओं को समान अधिकार, आत्मविश्वास और प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ समान भागीदारी का संदेश दिया। वहीं जिला कलेक्टर कमलराम मीना ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के अत्याचार के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सोनल पारीक ने महिलाओं से संबंधित कानूनों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने बताया कि आगामी दिनों में महिलाओं और बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

महिला थाना प्रभारी विद्या मीणा ने 112 आपातकालीन सेवा, राजकॉप सिटीजन ऐप, गरिमा हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, वन स्टॉप सेंटर और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सहित महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, महिला आत्मरक्षा, नवीन न्याय संहिता, वरिष्ठ जन संवाद योजना तथा नौकर एवं किरायेदार सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्मिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्यावर सदर थाना प्रभारी गजराज, ब्यावर सिटी थाना प्रभारी आशुतोष पाण्डे, महिला थाना प्रभारी विद्या मीणा, साकेतनगर थाना प्रभारी गणपतराम सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति व्यापक रूप से जागरूक किया गया।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story