ब्यावर: महिला कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने हेतु पोस्टकार्ड भेजे
इशिका जैन के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने और ओबीसी कोटा शामिल करने की मांग की।

ब्यावर मुख्य डाकघर के बाहर नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड दिखाते हुए (बाएं से दाएं) पुष्पा प्रजापति, इशिका जैन, कल्पना भटनागर, सुलक्षणा शर्मा और ममता जैन।
ब्यावर जिला मुख्यालय गुरुवार को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 लागू करो, आज करो, अभी करो” के नारों से गूंज उठा। महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम सैकड़ों पोस्टकार्ड भेजे। अभियान के दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण को शीघ्र प्रभाव से लागू करने और ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन ने किया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो चुकी हैं और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद इसे लागू नहीं किया जाना महिलाओं के साथ अन्याय है। केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए तत्काल इसे लागू करना चाहिए।
इशिका जैन ने कहा कि देश की आधी आबादी को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व चाहिए। महिलाओं को निर्णय लेने वाली संस्थाओं में समान भागीदारी मिलेगी तभी समाज और देश का संतुलित विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल महिला कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश की हर उस महिला की आवाज है जो अपने अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महिला सचिव सुलक्षणा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने का वादा वर्षों से किया जाता रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि इसे धरातल पर लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से उनकी आवाज नीति निर्माण तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पाती।
वहीं सेवा दल की राष्ट्रीय सचिव कल्पना भटनागर ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस प्रवक्ता ममता जैन, जिला सचिव पुष्पा प्रजापति सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
महिलाओं ने हाथों में पोस्टकार्ड और तख्तियां लेकर “महिला आरक्षण लागू करो”, “नारी शक्ति का सम्मान करो” और “महिलाओं को अधिकार दो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखकर संदेश दिया गया कि देश की महिलाएं अब अपने संवैधानिक अधिकारों को लेकर एकजुट हो चुकी हैं और उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उनका उचित हक मिलना चाहिए।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में चलाया जा रहा यह पोस्टकार्ड अभियान महिलाओं की आवाज को दिल्ली तक पहुंचाने का माध्यम है, ताकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द से जल्द लागू कर महिलाओं को लोकतंत्र में बराबरी की भागीदारी मिल सके। ब्यावर में हुआ यह प्रदर्शन महिला आरक्षण को लेकर बढ़ते राजनीतिक दबाव और महिलाओं की संगठित आवाज का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
