ब्यावर में महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक संपन्न, 21 जुलाई ‘संसद चलो’ अभियान सफल बनाने का संकल्प
ब्यावर में महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और 21 जुलाई के ‘संसद चलो’ प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर अहम निर्णय लिए गए।

ब्यावर में आयोजित जिला कार्यकारिणी बैठक में भाग लेतीं महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता। तस्वीर में बाईं से दाईं ओर विमलेश चौधरी, गीताश्री, इशिका जैन, गंगा रावत और अन्य सदस्य उपस्थित नजर आ रहे हैं।
ब्यावर में बुधवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अल्का लांबा, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह और प्रदेश प्रभारी श्रीमती दीप्ति सिंह के निर्देशानुसार महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा 21 जुलाई से शुरू होने वाले “संसद चलो” अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विभिन्न क्षेत्रों की राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रत्येक ब्लॉक की कार्यप्रणाली, संगठन विस्तार, रिक्त पदों की पूर्ति तथा महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान अधिक से अधिक महिलाओं को महिला कांग्रेस से जोड़ने, सक्रिय महिला नेतृत्व को संगठन में जिम्मेदारी देने तथा प्रत्येक ब्लॉक और जिले में नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी दिनों में सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार कार्यक्रम को गति देने पर भी सहमति बनी।
बैठक में 21 जुलाई से प्रारंभ होने वाले संसद के मानसून सत्र के दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित “संसद चलो” विशाल प्रदर्शन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अधिक से अधिक महिला कार्यकर्ताओं की दिल्ली में सहभागिता सुनिश्चित करने, जिला स्तर पर समन्वय समिति गठित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिला अधिकारों एवं जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश प्रभारी विमलेश जी चौधरी, सहप्रभारी गीताश्री जी, ब्यावर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इशिका जैन, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं प्रदेश प्रभारी गंगा जी रावत, ब्यावर नगर अध्यक्ष संपत्ति जी बोहरा, जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष अमीना बानो, बदनोर ब्लॉक अध्यक्ष निधि जायसवाल, बर ब्लॉक अध्यक्ष विमल मकवाना तथा जिला कार्यकारिणी से ममता जैन, उर्मिला प्रजापति, सीमा जैन, पुष्पा जी, भावना जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
