नगर पालिका/पंचायत आम चुनाव–2026 के तहत ब्यावर खास में “जागो मतदाता जागो” अभियान के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर खास में आयोजित अभियान में EVM एवं VVPAT मॉडल प्रदर्शन, लाइव डेमो, मॉक पोल, मतदान जागरूकता गीत, लघु नाटिका, रैली, ग्राम चौपाल और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों के जरिए आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी, ब्यावर के निर्देशन तथा जिला स्वीप टीम एवं उपखंड स्वीप टीम, ब्यावर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के महत्व से अवगत कराना और आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव चौधरी ने जिला एवं उपखंड स्वीप टीम के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सभी अतिथियों को मतदान की राखी बाँधकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और मतदान के संकल्प का प्रेरणादायी संदेश दिया।

ईएलसी प्रभारी श्रीमती निशा सैनी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्वीप अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक भागीदारी को सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता पर आधारित लघु नाटिका और गीत प्रस्तुत किए। साथ ही आकर्षक SVEEP सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया। EVM एवं VVPAT के मॉडल प्रदर्शन के साथ लाइव डेमो और मॉक पोल आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।

इसके बाद स्वीप टीम, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने ग्राम में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विभिन्न नारों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम चौपाल में राजस्थानी गीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए भी मतदान जागरूकता का संदेश दिया गया। श्रीमती सुनीता चौधरी ने राजस्थानी भाषा में प्रेरक गीत प्रस्तुत कर ग्रामीण मतदाताओं से अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने का आग्रह किया।

‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इसके माध्यम से मतदान जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई गई और आगामी नगर पालिका/पंचायत आम चुनाव-2026 में अनिवार्य रूप से मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर जिला स्वीप टीम की सदस्य श्रीमती सुनीता चौधरी, श्री सीताराम प्रजापति, श्री कपिल शर्मा, श्रीमती धीरज जैन, श्री गोपाल शर्मा, श्री पंकज परिहार एवं श्री लक्ष्मीनारायण माली विद्यालय में आयोजित गतिविधियों के निरीक्षण के लिए उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा किए गए नवाचारों और जागरूकता गतिविधियों की सराहना की।

अभियान के दौरान “जागो मतदाता जागो — लोकतंत्र को आगे बढ़ाओ” तथा “मेरा वोट – मेरा अधिकार, एक-एक वोट का सम्मान करेंगे, शत-प्रतिशत मतदान करेंगे” जैसे संदेशों के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story