ब्यावर, 30 जुलाई। जिले में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर एवं मिशन के अध्यक्ष कमल राम मीना की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान गत बैठक की कार्यवाही विवरण और उसकी अनुपालना की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित ‘हर घर जल’ लक्ष्य, घरेलू नल कनेक्शनों की प्रगति तथा विभिन्न पेयजल योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कहा कि जल जीवन मिशन आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसका लाभ अंतिम छोर तक बैठे प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर मिले, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जहां भी पाइपलाइन बिछाने के कारण सड़कें प्रभावित हुई हैं, उनका पुनर्स्थापन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में हर घर जल, नल जल मित्र, जल अर्पण, जल महोत्सव तथा सुजलाम आईडी जैसे कार्यक्रमों की प्रगति और जनभागीदारी बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि जल संरक्षण और जल प्रबंधन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन केवल पेयजल उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने का संकल्प है। इसलिए प्रत्येक कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और उत्तरदायित्व के साथ पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अतरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन दान देथा, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी श्रवण सिंह खिड़ीया, सीडीपीओ राहुल पाराशर सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story