ब्यावर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस थाना साकेत नगर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेलर से 137 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 119 पेटी अंग्रेजी शराब (1030.68 लीटर) और 18 पेटी बीयर (216 लीटर) सहित कुल 137 पेटियां तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज अजमेर डॉ. रवि एवं जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृताधिकारी वृत ब्यावर राजेश कसाना के निकटतम सुपरविजन में थाना साकेत नगर के थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया ने अपनी टीम के साथ की।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को स्पेशल एवं लोकल एक्ट के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान थाना साकेत नगर को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेलर नंबर आरजे 36 जीए 7883 में तिरपाल लगाकर फेल्सफार के कट्टों के नीचे चंडीगढ़ एवं राजस्थान निर्मित विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-25 पर बनेवड़ी चौराहे के पास ट्रेलर को रुकवाकर जांच की गई।

जांच के दौरान चालक और खलासी ने फेल्सफार की बिल-बिल्टी प्रस्तुत करते हुए बताया कि वे फेल्सफार ब्यावर से मोरबी, गुजरात लेकर जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस ने ट्रेलर पर लगी तिरपाल हटाकर गहन जांच की। जांच में फेल्सफार के कट्टों के नीचे सफेद रंग के कट्टों में चंडीगढ़ एवं राजस्थान निर्मित विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर छिपाकर रखी मिली।

पुलिस ने चालक और खलासी से शराब परिवहन का लाइसेंस एवं परमिट मांगा, लेकिन दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद ट्रेलर में मिली विभिन्न ब्रांडों की 119 पेटी अंग्रेजी शराब (1030.68 लीटर) और 18 पेटी बीयर (216 लीटर) सहित कुल 137 पेटियां तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान चालक रवि कुमार पुत्र फतेह सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी विजयनगर रोड, सुरेश नगर, सेदरिया, पुलिस थाना ब्यावर शहर, जिला ब्यावर तथा खलासी मनोहर सिंह पुत्र मिटू सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी नयागांव लूलवा, पुलिस थाना ब्यावर सदर, जिला ब्यावर को गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस थाना साकेत नगर, जिला ब्यावर पर प्रकरण संख्या 265/2026 धारा 14/54 एवं 19/54 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में थाना साकेत नगर के थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, सहायक उपनिरीक्षक तेजाराम, कांस्टेबल हनुमान सहाय, अनिल कुमार, राजेन्द्र तथा रणजीत की टीम शामिल रही। कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्रकोष्ठ, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, ब्यावर द्वारा जारी की गई। साथ ही पुलिस ने 1094 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन तथा 1933 माना हेल्पलाइन के नंबर भी जारी किए हैं।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story