ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: संदिग्ध मूंगफली तेल के 450 किलो टिन सीज
ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध मूंगफली तेल के 450 किलो टिन सीज किए गए। क्या त्योहारों से पहले बिक रहा था मिलावटी तेल? जानिए इस छापेमारी और विभाग के अगले कदम की पूरी जानकारी इस रिपोर्ट में।

ब्यावर में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए स्वास्तिक ब्रांड मूंगफली तेल के टिन।
ब्यावर, 8 जुलाई। राजस्थान सरकार की शुद्ध आहार मिलावट पर वार योजना के तहत ब्यावर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला कलक्टर कमल राम मीणा के विशेष निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने पुलिस थाना सिटी की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मूंगफली के तेल का 450 किलो स्टॉक सीज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर अरोड़ा ट्रांसपोर्ट पर दबिश दी गई। जांच के दौरान सामने आया कि न्यू पाली स्वास्तिक फर्म द्वारा बिजयनगर भेजे जा रहे स्वास्तिक ब्रांड मूंगफली तेल के 15 किलो वाले कुल 30 टिन यानी 450 किलो माल को रोककर विभागीय टीम ने नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदार को सख्त निर्देश दिए गए कि जब तक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक इस तेल की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि लिए गए नमूनों को परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगामी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में बदलते मौसम और आगामी त्योहारों व विवाह समारोहों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में मिठाई निर्माताओं, हलवाइयों, बेकरी, दूध-दही डेयरियों, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो सके।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
