ब्यावर, 29 मई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सार्वजनिक निर्माण विभाग (वृत) ब्यावर द्वारा आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े तेवर अपनाए गए। जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार, अवैध वाहनों पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स के उपचार तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी बाल वाहिनियों की गहन समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जन-भागीदारी से सफल होने वाला मिशन है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता अभियान को और अधिक गति देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बनती है, अतः यातायात नियमों की पूर्ण पालना अनिवार्य है।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 20 मई तक मोटर वाहन अधिनियम के तहत सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान तेज गति के 4671, गलत दिशा में वाहन चलाने के 995, शराब पीकर वाहन चलाने के 730, बिना हेलमेट के 5317, बिना सीट बेल्ट के 734 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग के 316 चालान बनाए गए। इसके अतिरिक्त, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के 29, नो पार्किंग के 1373, काली फिल्म लगे वाहनों के 211 तथा तेज आवाज वाले साइलेंसर के 60 मामलों सहित कुल 10 हजार 565 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

बाल वाहिनियों की सुरक्षा पर विशेष चिंता जताते हुए पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी से 20 मई तक 234 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 8 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं, परिवहन विभाग द्वारा 295 बाल वाहिनियों के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस और सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की गई। विभाग ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वाहन के पीछे प्रबंधक का मोबाइल नंबर अंकित होना चाहिए। परिवहन विभाग के विशेष अभियान में बिना सीट बेल्ट के 116, बिना रिफ्लेक्टिव टेप के 107 और सुरक्षा उपकरणों के अभाव में 20 वाहनों पर चालान कर लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया।

खनिज विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 23 मार्च से 20 अप्रैल के बीच 70 वाहनों की जांच में 8 वाहन खनिज बजरी, मेसनरी स्टोन, फेल्सपार, ग्रेनाइट एवं मुरूम का ओवरलोड परिवहन करते पाए गए। इन पर 9 लाख 63 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही 4 वाहनों के विरुद्ध संबंधित थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ मिलकर अवैध कटों को बंद करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि एनएच-08 (पुराना 58) पर ब्यावर से भीम मार्ग के सभी अवैध कट बंद कर दिए गए हैं। कलेक्टर ने पुलिस और एनएचएआई को ढाबा एवं होटल संचालकों द्वारा दोबारा अवैध कट बनाने की घटनाओं पर पैनी नजर रखने और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

अंत में, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने बताया कि 'गुड सेमेरिटन योजना' के तहत आमजन को प्रोत्साहित करने के लिए जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों और बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर फ्लेक्स लगाए गए हैं, ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वालों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के प्रति जागरूकता बढ़ सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया एवं अधीक्षण अभियंता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story