ब्यावर में जिला स्तरीय वन महोत्सव, किशनपुरा में रोपे गए 500 पौधे
भारत उपवन में ओपन जिम, लाइब्रेरी विकसित करने का सुझाव, हरियालो राजस्थान अभियान के तहत संरक्षण की दिलाई गई शपथ।

तस्वीर में ब्यावर के किशनपुरा में पौधे को पानी देते अधिकारी और अन्य लोग।
ब्यावर, 3 सितम्बर। ग्राम पंचायत किशनपुरा के भारत उपवन एवं बरसी चारागाह भूमि में हरियालो राजस्थान, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 में सघन पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता, जिला कलेक्टर कमलराम मीना एवं जिला प्रभारी व मुख्य वन संरक्षक अजय चितौड़ा के सानिध्य में हुए कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने 500 से अधिक पौधे लगाए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता ने करंज का पौधा लगाकर किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमलराम मीना ने उपस्थित लोगों एवं मातृ शक्ति को स्वयं को मां यशोदा मानकर कृष्ण के रूप में पौधों की स्नेहपूर्वक देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता ने भारत उपवन को आकर्षक एवं उपयोगी बनाने के लिए झूले, ओपन जिम, पाथ-वे एवं लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। मुख्य वन संरक्षक अजय चितौड़ा ने उपवन के सौंदर्यीकरण के लिए चंदन के पौधे उपलब्ध कराने की घोषणा की।
ग्राम पंचायत किशनपुरा में भारत उपवन के तहत आम, जामुन, अमरूद, आंवला, करंज, पीपल एवं नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के अब तक 5 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं चारागाह विकास के माध्यम से चारे एवं ईंधन की उपलब्धता से ग्रामीणों की आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपवन संरक्षक वीरेन्द्र सिंह जोरा, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान सिंह देथा, विकास अधिकारी सुधीर पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। भारत उपवन एवं बरसी चारागाह भूमि में एक साथ 500 से अधिक पौधों का रोपण और उनके संरक्षण का संकल्प अभियान के पर्यावरणीय प्रयासों को आगे बढ़ाता है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
