ब्यावर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के गरिमामय और सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला कलक्टर कमल राम मीना ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसका आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह में आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की वेशभूषा और प्रस्तुतियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप हों।

जिला कलक्टर ने परेड ग्राउंड की साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, विद्युत, ध्वनि एवं सजावट सहित सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों में आकर्षक रोशनी एवं सजावट कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

बैठक के दौरान पुलिस विभाग को समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैंड तथा आवश्यक जाब्ते की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा दल, मोबाइल शौचालय, अग्निशमन, परिवहन, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांशु सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन दान देथा, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय पर्व के आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story