ब्यावर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, मंत्री गहलोत ने फहराया तिरंगा
ब्यावर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम में आयोजित हुआ। मंत्री अविनाश गहलोत ने ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली और युवाओं को राष्ट्र निर्माण व नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

तस्वीर में ब्यावर के सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और अन्य अतिथि ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए नजर आ रहे हैं।
ब्यावर, 15 अगस्त। आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे जिले में उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री अविनाश गहलोत ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी।
समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री अविनाश गहलोत खुली जिप्सी में सवार होकर पहुंचे और परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उप वन संरक्षक वीरेंद्र सिंह जोरा, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, अभिभावक एवं आमजन उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के वंदन और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को स्मरण करने का पावन अवसर है।
उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर पूरी मुस्तैदी से तैनात वीर जवानों के कारण देशवासी सुरक्षित एवं चैन की सांस ले रहे हैं। उन्होंने सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के साहस एवं समर्पण को भी नमन किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। देश ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर लाने का कार्य देश के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सरकार समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा रोजगार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है तथा लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा देश की शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।
जिला स्तरीय समारोह के दौरान सम्पूर्ण परेड कमांडर हरिराम की अगुवाई में हुई। राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) की टुकड़ी का नेतृत्व प्लाटून कमांडर सज्जन सिंह ने किया। एसआई महादेव सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस बल, पन्ना लाल के नेतृत्व में पीटीएस जोधपुर टुकड़ी एवं मयंक चौहान की अगुवाई में एनसीसी की टुकड़ी ने भागीदारी की। 9वीं बटालियन टोंक एवं आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के बैंड ने भी मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।
इसके पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने शहीदों की वीरांगनाओं को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट ने माननीय राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया। इस अवसर पर एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम (पीटी) का प्रदर्शन किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्री पुरा मोहल्ला के विद्यार्थियों ने ‘कारगिल विजय से विश्वगुरु भारत के स्वप्न तक’ विषय पर प्रभावी प्रस्तुति दी। श्री वर्धमान कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने घूमर एवं तेरहताली के माध्यम से राजस्थान की लोक संस्कृति की मनोहारी छटा प्रस्तुत की।
संत पॉल उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘सुजलाम् सुफलाम् वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। क्रिएटिव एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, देलवाड़ा रोड के विद्यार्थियों ने ‘देशभक्ति, युद्ध सैनिक के शहीद होने तक’ विषय पर लघु नाटिका के माध्यम से सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को जीवंत किया।
आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘वेलकम टू राजस्थान’ सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से राजस्थान की वीरता और संस्कृति का परिचय कराया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, ब्यावर के विद्यार्थियों ने मिजोरम के खुबुलम एवं चेराव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर साकार किया। इमानुएल मिशन उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘देश पहले, गूंज रहा हिन्दुस्तान’ की प्रस्तुति से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम की समाप्ति राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात महिला एवं पुरुष वर्ग में रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित हुई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
