मुंबई के जुहू बीच से एक 7 साल के बच्चे का वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी फोटोग्राफी स्किल्स ने लोगों को खूब इंप्रेस किया है। समुद्र किनारे फोटो खींचने के लिए कैमरा लेकर घूम रहे इस बच्चे ने वहां मौजूद दिल्ली की रहने वाली भूमि नाम की महिला के पास जाकर पूछा, "दीदी सुनो ना, मैं आपकी फोटो ले सकता हूं क्या?"

शुरुआत में महिला तो फोटो खिंचवाने के लिए तैयार हो जाती है, लेकिन उसके साथ आए बंदे को थोड़ा शक होता है कि शायद बच्चा फोटो खींचने के बाद पैसे मांगेगा। हालांकि, बच्चे का इरादा पैसे कमाने का नहीं, बल्कि केवल फोटोग्राफी करने का होता है। बातचीत के दौरान भूमि जब बच्चे से उसका नाम पूछती है, तो वह अपना नाम 'प्रीतम' बताता है। प्रीतम बताता है कि वह वहां घूमने नहीं आया है, बल्कि खास तौर पर फोटोग्राफी करने आया है।

जब प्रीतम महिला की तस्वीरें खींच लेता है और काम पूरा हो जाता है, तब महिला का साथी तस्वीरें देखकर मजाक में कहता है, "ये इंस्टा पर डाल देगा, तू वायरल हो जाएगी"। जिसके बाद वीडियो में प्रीतम द्वारा खींची गई कुछ तस्वीरें दिखाई जाती हैं, जो देखने में बेहद खूबसूरत होती हैं और कैमरे के जानकारों के अनुसार भी तकनीकी रूप से काफी अच्छी होती हैं। उस साथी को यह अंदाजा नहीं था कि मासूम दिखने वाले इस 7 साल के बच्चे के इंस्टाग्राम पर 1 लाख 24 हजार फॉलोअर्स हैं।

प्रीतम का इंस्टाग्राम हैंडल मैनेज करने वाले व्यक्ति ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "एक 7 साल के बच्चे ने फोटो के लिए एक अजनबी से बात की। बस थोड़ा सा आत्मविश्वास, एक कैमरा और एक अजनबी के साथ एक खूबसूरत पल। कोई स्क्रिप्ट नहीं। कोई रीटेक नहीं। बस असली भावनाएं और सच्ची मुस्कान"।

इस खूबसूरत और बिना किसी स्क्रिप्ट वाले पल को लोगों ने खूब पसंद किया है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 1 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि 5 लाख से ज्यादा यूजर्स ने इसे लाइक किया है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स नन्हे कैमरामैन प्रीतम और दिलदार महिला भूमि दोनों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक तरफ लोग 7 साल के बच्चे के कैमरे से बेहतरीन तस्वीरें खींचने के हुनर पर हैरान हैं, तो दूसरी तरफ पूरी इंसानियत के साथ बच्चे की बात मानकर फोटो खिंचवाने के लिए महिला के प्यारे जेस्चर की भी सराहना कर रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स कमेंट्स में यह भी पूछते दिखे कि जब वे मरीन ड्राइव गए थे, तब यह बच्चा उन्हें क्यों नहीं मिला।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story