‘महाप्रभु जगन्नाथ’ के ट्रेलर लॉन्च ने रचा नया इतिहास, 10 हजार श्रद्धालुओं के बीच हुआ भव्य अनावरण
कटक में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी में एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च हुआ। आस्था, संस्कृति और आधुनिक एनीमेशन के इस ऐतिहासिक संगम ने भारतीय सिनेमा में नया रिकॉर्ड बना दिया।

कटक में भव्य श्रीमद्भागवत कथा के दौरान 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में एनिमेटेड फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' का आधिकारिक ट्रेलर लॉन्च किया गया, जो 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भारतीय आस्था, संस्कृति और आधुनिक एनीमेशन तकनीक के अद्वितीय संगम का ऐतिहासिक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का आधिकारिक ट्रेलर कटक में भव्य समारोह के बीच लॉन्च किया गया। पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज के करकमलों द्वारा उनकी जारी श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हुए इस विशेष आयोजन में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिसने इसे भारत की किसी भी एनीमेशन फिल्म के अब तक के सबसे बड़े फिजिकल ट्रेलर लॉन्च के रूप में स्थापित कर दिया।
ट्रेलर के विशाल स्क्रीन पर प्रदर्शित होते ही पूरा परिसर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति और आध्यात्मिक वातावरण ने इस अवसर को केवल एक फिल्मी आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे भारतीय आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक सिनेमाई प्रस्तुति के दुर्लभ संगम के रूप में यादगार बना दिया।
भगवान जगन्नाथ पर आधारित ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ भारत की पहली पैन-इंडिया थियेट्रिकल एनिमेटेड फिल्म है। फिल्म का उद्देश्य विश्वस्तरीय एनीमेशन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक प्रभावी और आकर्षक रूप में पहुंचाना है। ट्रेलर में भक्ति, विश्वास, करुणा और एकता जैसे मूल्यों को प्रभावशाली दृश्यात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है, जो बच्चों और परिवारों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास करता है। साथ ही भगवान जगन्नाथ और उनके भक्तों के बीच के आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण संबंध को भी संवेदनशीलता के साथ दर्शाया गया है।
इस अवसर पर फिल्म के निर्माता तथा एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा कि हजारों श्रद्धालुओं को एक साथ भक्ति भाव में डूबकर ट्रेलर का आनंद लेते देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह प्रतिक्रिया इस बात का प्रमाण है कि जब भारतीय विरासत को विश्वस्तरीय एनीमेशन के साथ प्रस्तुत किया जाता है, तो वह हर आयु वर्ग के दर्शकों को प्रभावित करती है। उनके अनुसार, फिल्म का निर्माण इस उद्देश्य से किया गया है कि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहें और उन्हें एक भव्य, रोमांचक तथा मनोरंजक अनुभव प्राप्त हो।
दुर्गा प्रसाद दलई द्वारा निर्मित और एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया फिल्म को लोकप्रिय टेलीविजन शो ‘जय जगन्नाथ’ की सफलता के बाद एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है, जबकि इसकी पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। संगीतकार अविरल कुमार का भक्ति रस से ओतप्रोत संगीत इस दिव्य कथा को और अधिक प्रभावशाली बनाता है।
श्रीमद्भागवत कथा के मंच पर मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन और ऐतिहासिक ट्रेलर लॉन्च के बाद अब ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ 10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ होने जा रही है। आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के इस संगम से सजी यह फिल्म भारतीय एनीमेशन जगत में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
