सोनी सब का धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ पांडवों और कौरवों के बचपन की अनकही यात्रा को जीवंत करता है, जहाँ हर चुनौती और हर निर्णय उनके भविष्य को आकार देता है। रिश्तों की परीक्षा और छिपे हुए सच के धीरे-धीरे सामने आने के बीच युवा राजकुमार ऐसे घटनाक्रमों का सामना कर रहे हैं, जो हस्तिनापुर की दिशा बदलने वाले साबित होंगे।

आने वाले एपिसोड्स में भीम (सुभाष) आखिरकार हस्तिनापुर लौटते हैं, जबकि उन्हें अब तक मृत मान लिया गया था। भीम को जीवित देखकर पांडव और कुंती खुशी से भावुक हो उठते हैं। वहीं उनकी अप्रत्याशित वापसी दुर्योधन (आयुध भानुशाली) और शकुनि (चंदन आनंद) के लिए भय और घबराहट का कारण बन जाती है, क्योंकि वह राज़, जिसे वे हमेशा के लिए दफन मान चुके थे, अब उजागर होने की कगार पर पहुँच जाता है।

हालांकि, अपने खिलाफ रची गई साज़िश का सच तुरंत सामने लाने के बजाय भीम चुप रहना चुनते हैं। उनका यह फैसला दुर्योधन को लगातार असमंजस में रखता है कि भीम को आखिर कितना सच पता है। भीम की असाधारण ताकत और शांत स्वभाव हर पल दुर्योधन की बेचैनी बढ़ाते हैं। दुर्योधन डर और अनिश्चितता के बीच यह समझ नहीं पाता कि भीम का अगला कदम क्या होगा।

बाद में पांडव भीम के चमत्कारी बचाव का सच छिपाने का निर्णय लेते हैं। इसके बाद पूरे हस्तिनापुर में शक का माहौल बन जाता है, जिससे दुर्योधन का अपराधबोध और गहरा हो जाता है तथा उसके लिए अपने सबसे बड़े राज़ को छिपाए रखना लगातार कठिन होता जाता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भीम अपने जीवन पर हुए षड्यंत्र का सच पूरे हस्तिनापुर के सामने लाएँगे, या फिर दुर्योधन अपने सबसे गहरे राज़ को उजागर होने से पहले बच निकलने का कोई रास्ता तलाश पाएगा।

भीम का किरदार निभा रहे सुभाष ने कहा, “भीम ऐसा इंसान है जो हमेशा दिल की सुनता है, इसलिए हस्तिनापुर लौटकर सबको यह विश्वास करते देखना कि वह मर चुका था, उसके लिए बहुत भावुक पल था। लेकिन मुझे सबसे ज़्यादा मज़ा इस बात में आया कि गुस्सा करने के बजाय भीम दुर्योधन को सोचने देते हैं कि उसे कितना पता है और दुर्योधन अपने ही राज़ से डरता है। इन दृश्यों की शूटिंग बहुत मज़ेदार रही क्योंकि मुझे भीम का आत्मविश्वासी पक्ष दिखाने का मौका मिला, साथ ही उसकी मासूमियत भी बरकरार रही। कुंती माँ और भाइयों के साथ पुनर्मिलन के दृश्य शूट करना भी बहुत अच्छा लगा क्योंकि वे प्यार और भावनाओं से भरे हुए हैं।”

‘हस्तिनापुर के वीर’ का यह नया घटनाक्रम कहानी को निर्णायक मोड़ पर ले जाता है, जहाँ भीम की वापसी केवल परिवार के पुनर्मिलन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि दुर्योधन और शकुनि के सबसे बड़े षड्यंत्र पर से पर्दा उठने की भूमिका भी तैयार करती है। दर्शक इस रोमांचक घटनाक्रम को हर सोमवार से शनिवार रात 9:00 बजे सिर्फ सोनी सब पर देख सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story