सामाजिक न्याय, शिक्षा और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से अपना दल (एस) आगामी 26 जून को छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती पर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगा। पार्टी ने इस आयोजन को केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक विस्तार के अभियान के रूप में विकसित करने की रणनीति बनाई है।

पार्टी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह प्रदेशव्यापी आयोजन केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के निर्देशानुसार आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों का संचालन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल तथा राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के मार्गदर्शन में होगा, जबकि इसकी अध्यक्षता कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन करेंगे।

जयंती समारोह की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं को जिला प्रभार सौंपने की योजना बनाई गई है। ये पदाधिकारी संबंधित जिलों में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करेंगे।

राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जयंती कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों और संघर्षों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज का जीवन सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसरों के मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनके अनुसार यह जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिवस है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आयोजन को ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने का आह्वान किया।

राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज केवल एक शासक नहीं थे, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के महानायक थे। उन्होंने वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का जो कार्य किया, वह आज भी समाज को दिशा प्रदान करता है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

पार्टी के अनुसार कार्यक्रमों के दौरान जिला स्तर पर छत्रपति शाहू जी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर संगोष्ठियां, पुष्पांजलि कार्यक्रम, सामाजिक समरसता संवाद तथा पिछड़े वर्गों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसरों के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।

जयंती समारोह में राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव युवा मंच डॉ. अखिलेश पटेल, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सचिव रोहित चंदेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ एवं युवा पदाधिकारियों की सहभागिता रहने की संभावना है। सभी जिलों में संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि अपना दल (एस) ने हाल ही में मध्य प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार को गति देने के लिए मान सिंह बिसेन को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती पर आयोजित होने वाला यह प्रदेशव्यापी कार्यक्रम पार्टी के संगठनात्मक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस आयोजन के माध्यम से पार्टी प्रदेश में अपनी सक्रिय उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story