जयपुर। बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमवे इंडिया ने देशभर के 1.62 लाख से अधिक स्कूली बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की पहल की है। इसके लिए कंपनी ने द अक्षय पात्र फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है। बाल दिवस से शुरू हुआ यह सहयोग दिसंबर 2026 की शुरुआत तक जारी रहेगा।

इस पहल के तहत द अक्षय पात्र फाउंडेशन की देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित रसोइयों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली, जयपुर, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, बेल्लारी, अहमदाबाद, ठाणे और चेन्नई में एमवे के डिस्ट्रीब्यूटर्स और कर्मचारी स्वयंसेवी गतिविधियों में भाग लेंगे। इस दौरान वे फाउंडेशन की टीम के साथ भोजन तैयार करने में सहयोग करेंगे और बच्चों को पोषण तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक करेंगे।

एमवे इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रजनीश चोपड़ा ने कहा कि अच्छा पोषण बच्चों को सीखने, आगे बढ़ने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है। अक्षय पात्र के साथ साझेदारी के जरिए कंपनी केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण संबंधी जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ शुरुआत देने और मजबूत समुदायों के निर्माण के लिए दीर्घकालिक साझेदारियां तथा सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

भारत सरकार के पीएम पोषण कार्यक्रम के तहत देशभर के 10.35 लाख स्कूलों में लगभग 11 करोड़ बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। एमवे इंडिया और अक्षय पात्र के बीच वर्ष 2024 में भी साझेदारी हुई थी। उस दौरान आठ शहरों में 90,000 से अधिक भोजन उपलब्ध कराए गए थे।

इसके अलावा, एमवे के पावर ऑफ 5 कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। इनमें 1.60 लाख से अधिक बच्चे शामिल हैं। एमवे इंडिया और द अक्षय पात्र फाउंडेशन की मौजूदा पहल के तहत भोजन वितरण के साथ पोषण जागरूकता और स्वयंसेवी भागीदारी को भी शामिल किया गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story