अल्फा का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर: सोनी मैक्स पर इस दिन आएगी फिल्म
शिव रवैल द्वारा निर्देशित इस एक्शन फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, साथ ही बॉबी देओल और अनिल कपूर भी नजर आएंगे।

सोनी मैक्स पर 31 अक्टूबर को फिल्म 'अल्फा' का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर होगा।
आलिया भट्ट और शरवरी की एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ का रोमांच अब टेलीविजन पर दर्शकों तक पहुंचने जा रहा है। यश राज फिल्म्स की इस फिल्म का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 31 अक्टूबर को रात 8 बजे सोनी मैक्स पर होगा। फेस्टिव लाइन-अप के तहत चैनल दर्शकों के लिए हाई-वोल्टेज एक्शन और रोमांच से भरपूर यह फिल्म लेकर आ रहा है।
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ दो खतरनाक लड़कियों की ओरिजिन स्टोरी है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म में आलिया भट्ट बिल्कुल नए अवतार में दिखाई देंगी। वह एक ऐसी असैसिन की भूमिका निभा रही हैं, जिसे मारने की ट्रेनिंग देकर तैयार किया गया है। हाई-ऑक्टेन एक्शन, शानदार विजुअल्स और रोमांच से भरपूर यह फिल्म दोनों अभिनेत्रियों के बेखौफ अल्फा अंदाज को सामने लाती है।
भव्य पैमाने और दिलचस्प कहानी के साथ ‘अल्फा’ हर पीढ़ी के दर्शकों के लिए एक ब्लॉकबस्टर अनुभव पेश करने का दावा करती है। इसका टेलीविज़न प्रीमियर सोनी मैक्स के फेस्टिव लाइन-अप का हिस्सा है। चैनल इस सीजन में बेखौफ कहानियों और हाई-वोल्टेज मनोरंजन के जरिए बड़े बॉलीवुड पलों की शुरुआत करने जा रहा है।
आलिया भट्ट ने फिल्म के टेलीविज़न प्रीमियर को लेकर कहा, “सोनी मैक्स पर टेलीविज़न प्रीमियर के साथ अल्फा अब दर्शकों तक एक नए अंदाज़ में पहुँचेगी। फिल्म के एक्शन, किरदारों और उनकी भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर उतारने के लिए हमने बहुत सोच-विचार और मेहनत की है। इसलिए यह देखना बेहद खास है कि थिएटर के बाद अब यह सफर लोगों के घरों तक पहुँचेगा। त्यौहारों का मौसम फिल्मों को परिवार के साथ बिताए जाने वाले खास पलों का हिस्सा बनाने का एक खूबसूरत समय होता है। जिन्होंने अभी तक अल्फा नहीं देखी है, उनके लिए यह इसे अनुभव करने का मौका है, और जिन्होंने देखी है, उनके लिए इसे दोबारा देखने की एक वजह। एक कलाकार के तौर पर यह बहुत अच्छा लगता है जब आपकी फिल्म नए दर्शकों तक पहुँचती रहती है। मुझे खुशी है कि सोनी मैक्स के साथ अल्फा को अब ऐसा करने का मौका मिल रहा है।”
शरवरी ने भी टेलीविज़न प्रीमियर को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “अल्फा मेरे लिए एक बेहद रोमांचक और खास सफर रही है, और अब इसे टेलीविज़न पर आते देखना बहुत संतोषजनक है। हमने फिल्म के एक्शन, भावनाओं और इसकी दुनिया को पर्दे पर उतारने के लिए बहुत मेहनत की है। इसलिए यह जानना उत्साहजनक है कि अब यह एक नए तरीके से दर्शकों तक पहुँचेगी। त्यौहारों के मौसम में घर पर अल्फा जैसी फिल्म देखने की बात ही कुछ खास है, जहाँ इसके बड़े एक्शन सीक्वेंस और भावनात्मक पल परिवार के साथ साझा किए जा सकते हैं। सोनी मैक्स हमेशा से बड़ी और भव्य फिल्मों को दर्शकों के घरों तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है, और मुझे बेहद खुशी है कि अल्फा भी इसका हिस्सा बन रही है। मुझे उम्मीद है कि जो दर्शक पहली बार यह फिल्म देखेंगे, उन्हें भी इसे देखने में उतना ही मज़ा आएगा, जितना हमें इसे बनाते समय आया था। वहीं, जो लोग इसे पहले देख चुके हैं, उन्हें इस बार भी फिल्म में कुछ नया और खास देखने को मिलेगा।”
‘अल्फा’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 31 अक्टूबर को रात 8 बजे होगा। आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर अभिनीत इस एक्शन फिल्म को दर्शक सिर्फ सोनी मैक्स पर देख सकेंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
