कवाई। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन, कवाई ने ग्रामीण क्षेत्रों में मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर बीमारी की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किए। अदाणी चल चिकित्सा इकाई के माध्यम से ग्रामीणों को मधुमेह के लक्षणों, बचाव के उपायों, नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

अदाणी फाउंडेशन की ओर से 13 वर्षों से प्लांट के आसपास के गांवों में सोमवार से शुक्रवार तक नियमित प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल के तहत अदाणी चल चिकित्सा इकाई प्रतिदिन पांच गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करती है। इसके साथ ही चल चिकित्सा इकाई तक पहुंचने में असमर्थ वृद्धजनों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त मरीजों को उनके घर पर जाकर भी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही अदाणी फाउंडेशन समय-समय पर विभिन्न स्वास्थ्य दिवसों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान करता है।

इसी क्रम में 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर अदाणी चल चिकित्सा इकाई ने अपनी नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ग्राम नयागांव, फूलबड़ौदा, मुकंदपुरा और चौथया में विशेष मधुमेह जागरूकता शिविर आयोजित किए।

शिविरों में अदाणी चल चिकित्सा टीम के डॉ. हर्ष नेहरा ने ग्रामीणों को मधुमेह के प्रमुख लक्षणों, जोखिम कारकों और समय पर बीमारी की पहचान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

ग्रामीणों को बताया गया कि समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से मधुमेह के प्रभावों को नियंत्रित करने के साथ ही इससे होने वाली जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की निर्धारित थीम 'मधुमेह पर शुरुआती कार्रवाई' (Early Action on Diabetes) के अनुरूप ग्रामीणों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि मधुमेह की समय पर पहचान और आवश्यक कदम उठाना बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।

अदाणी फाउंडेशन की यह पहल प्लांट के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story