उत्तराखंड: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन की तारीख बदली, 3 अक्टूबर को होगी जारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए शेड्यूल की जानकारी दी; प्रदेश में 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियों की सुनवाई पूरी की जाएगी।

Dehradun: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम अधिकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए।
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बदल दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने अब प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को करने का निर्णय लिया है। इससे पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जानी थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले 24 लाख 30 हजार नोटिसों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही फार्म 6, 7 और 8 की 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक की जाएगी। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास उपस्थित रहे। आयोग के नए कार्यक्रम के तहत अब दावे-आपत्तियों की सुनवाई और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
