मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ की तांकुल जल विद्युत परियोजना समेत विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब ₹190 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी। पुलिस विभाग को 75 नए वाहन भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ की तांकुल जल विद्युत परियोजना समेत विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब ₹190 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी। पुलिस विभाग को 75 नए वाहन भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब ₹190 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन प्रदान किया है। इनमें पिथौरागढ़ की 12 मेगावाट क्षमता वाली तांकुल जल विद्युत परियोजना, पर्यटक आवास गृह चौकोडी के उच्चीकरण एवं विस्तारीकरण, विभिन्न मोटर मार्गों के सुधारीकरण तथा पुलिस विभाग के लिए 75 वाहनों की खरीद शामिल है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पिथौरागढ़ में तांकुल जल विद्युत परियोजना, जिसकी क्षमता 12 मे०वा० है, के लिए पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड द्वारा परियोजना का निर्माण कराये जाने हेतु ₹159.60 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके साथ ही पर्यटक आवास गृह चौकोडी के उच्चीकरण एवं विस्तारीकरण हेतु ₹4.75 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनोल्टी के विकासखण्ड जौनपुर में सौडी लग्गा क्यारी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹3.25 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन दिया गया है। वहीं, जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के ग्राम झींवरेडी के सुमेरू विहार, ग्राम सुद्धोवाला, ग्राम सेलाकुई, ग्राम उम्मेदपुर, ग्राम अम्बीवाला, ग्राम ठाकुरपुर व ग्राम खुशालपुर के आंतरिक क्षतिग्रस्त मार्गों के इंटरलॉकिंग टाईल्स निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए ₹4.23 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के विकासखण्ड कल्जीखाल में कांसखेत अस्गड घंडियाल धार अलासु कुनकुली मोटर मार्ग के कि०मी० 13 से 17 के मध्य सुधारीकरण कार्य के लिए ₹3.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के विकासखण्ड दुगड्डा के अंतर्गत कोटद्वार में स्थित गब्बर सिंह कैम्प में 36 मीटर स्पान डबल लेन सेतु के निर्माण के लिए ₹3.31 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पुलिस विभाग के लिए भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इसके तहत स्कार्पियों-21, बोलेरो-26, बस (32 सीटर)-04, बस (24 सीटर)-08, बस (12 सीटर)-08, ट्रक (11 टन)-05 और ट्रक (4 टन)-03, कुल 75 वाहनों के क्रय की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में 05 दंगा नियंत्रण एवं जैमर वाहनों के अवशेष भुगतान ₹68.01 लाख सहित कुल ₹12.00 करोड़ पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर रखे जाने का भी अनुमोदन मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों में स्वीकृत इन विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ पुलिस विभाग के लिए वाहनों की खरीद को मंजूरी राज्य में बुनियादी ढांचे और विभागीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
