मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य एक साथ युद्धस्तर पर शुरू किए जाने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और निविदा प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू करने में किसी प्रकार का विलंब न हो।

कैबिनेट बैठक में शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को सड़क सुधार के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़कों के सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर एवं सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story