केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी के हालिया बयानों पर तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो अदालत में जाना चाहिए। रिजिजू ने कहा कि जो लोग अपनी विफलता स्वीकार नहीं कर पाते, वे बार-बार ईवीएम और सिस्टम पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने पूछा कि अगर ईवीएम में गड़बड़ी है तो कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कैसे जीत गई? पंजाब में आम आदमी पार्टी कैसे जीती? रिजिजू ने कहा कि कुछ नेता चुनाव के समय विदेश चले जाते हैं और बाद में सिस्टम को दोष देते हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि फोटो खिंचवाने भर से चुनाव नहीं जीते जाते, इसके लिए मेहनत करनी पड़ती है।


रिजिजू ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने कभी खेती नहीं की, वे खेत में जाकर फोटो खिंचवाते हैं, मछली पकड़ने का नाटक करते हैं लेकिन असल में जाल तक नहीं फेंका। उन्होंने कहा कि भारत का चुनाव तंत्र पूरी तरह पारदर्शी और मजबूत है। हर पोलिंग स्टेशन की वोटर लिस्ट सार्वजनिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहती है। अगर किसी का नाम गलत निकलता है तो उसी समय शिकायत की जा सकती है। रिजिजू के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया इतनी साफ है कि किसी भी गलती को तुरंत पकड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों में कोई ठोस तर्क नहीं है, इसलिए उनका जवाब देना मुश्किल होता है।

बीजेपी की जीत पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। रिजिजू ने कहा कि मेहनत करने से ही सफलता मिलती है, सिर्फ प्रचार या फोटो से नहीं। उन्होंने कहा कि जो लोग देश के खिलाफ ताकतों से मिलकर राजनीति करते हैं, उन्हें जनता का भरोसा नहीं मिलेगा। रिजिजू ने आगे कहा कि भारत का युवा वर्ग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है और देश के खिलाफ काम करने वालों को कभी सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कांग्रेस की हार का कारण उसके नेतृत्व को बताया और कहा कि जब कांग्रेस जीतती है तो ईवीएम सही मानी जाती है, लेकिन हारते ही उसी मशीन को दोष दिया जाता है। रिजिजू ने कहा कि जनता सच्चाई जानती है और जो नेता सिर्फ आरोप लगाते हैं, वे जनता से दूर होते जा रहे हैं।

Updated On
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story