Jammu Kashmir LoC : जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन की घटना सामने आई है। कुपवाड़ा जिले के संवेदनशील केरन सेक्टर में मंगलवार रात उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब भारतीय सेना सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए हाई-टेक निगरानी कैमरे स्थापित कर रही थी।

कैमरे लगाते वक्त पाकिस्तानी फायरिंग :

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात राष्ट्रीय राइफल्स के जवान LoC के ब्लाइंड स्पॉट्स को कवर करने के लिए आधुनिक कैमरे लगा रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने इस प्रक्रिया में बाधा डालने के उद्देश्य से छोटे हथियारों से दो राउंड फायरिंग की। भारतीय सेना ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए एक नियंत्रित गोली दागकर जवाब दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी पक्ष को कोई नुकसान नहीं हुआ।

घुसपैठ की आशंका, सर्च ऑपरेशन तेज :

फायरिंग के तुरंत बाद भारतीय सेना ने आसपास के घने जंगलों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि सीजफायर उल्लंघन का असली मकसद सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ को आसान बनाना हो सकता था।

बार-बार टूटता है सीजफायर :

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान की ओर से ऐसी हरकत की गई हो। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स अक्सर LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फायरिंग कर निगरानी उपकरणों को नुकसान पहुंचाने या आतंकियों की घुसपैठ को कवर देने की कोशिश करते हैं।

LoC और IB की सुरक्षा व्यवस्था :

  • जम्मू-कश्मीर में LoC की कुल लंबाई करीब 740 किलोमीटर है, जो बारामुल्ला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, पुंछ और राजौरी जिलों से होकर गुजरती है।
  • अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) लगभग 240 किलोमीटर लंबी है, जिसकी सुरक्षा जम्मू, सांबा और कठुआ में तैनात बीएसएफ करती है।
  • LoC की जिम्मेदारी भारतीय सेना, जबकि पीछे के इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों की कमान जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के पास है।

सतर्कता और जवाबी रणनीति :

लगातार हो रहे सीजफायर उल्लंघनों के बीच सुरक्षा बलों ने निगरानी और ऑपरेशन को और सख्त कर दिया है। सेना स्पष्ट कर चुकी है कि सीमा पर किसी भी उकसावे का मुंहतोड़ और संतुलित जवाब दिया जाएगा।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story