स्पेशल सेल ने किया बड़ा खुलासा ; दिल्ली में ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो आतंकी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में बड़ी कार्यवाही करते हुए ISIS से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में आत्मघाती हमला करने की साजिश रच रहे थे।

रिफरेन्स इमेज ISIS
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में सक्रिय ISIS प्रेरित आतंकियों के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मॉड्यूल से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक की पहचान 'अदनान' के रूप में हुई है, जो दिल्ली का रहने वाला है। दूसरा संदिग्ध मध्य प्रदेश का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि वे अपनी योजना को अंजाम देने के काफी करीब थे। उनका मकसद दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में धमाका कर बड़ा नुकसान पहुंचाना था। जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल की टीम ने एक संदिग्ध को दिल्ली से और दूसरे को भोपाल से पकड़ा। भोपाल से पकड़ाए आरोपी के पास से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन नेटवर्किंग और प्लानिंग के लिए किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, आपत्तिजनक सामग्री और गोला-बारूद बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों संदिग्धों को आत्मघाती हमले की ट्रेनिंग दी गई थी। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इनके संपर्क में और कितने लोग थे और किस स्तर तक इनकी योजना फैली हुई थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों ने पिछली कुछ हफ्तों में दिल्ली के कई भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया था। वे संभावित स्थानों की तस्वीरें और वीडियो भी बना चुके थे। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी कुछ समय से पुलिस की निगरानी में थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद जब टीम ने कार्यवाही की, तो पता चला कि वे ISIS से प्रेरित थे और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में रहते थे।
सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां अभी और गिरफ्तारियां कर सकती हैं, क्योंकि शुरुआती सबूतों से संकेत मिल रहे हैं कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में इनका एक छिपा हुआ नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस इन संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क, सप्लायर और फंडिंग की जानकारी मिल सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इनके पीछे किसी बड़े आतंकी संगठन का हाथ है या यह कोई स्थानीय मॉड्यूल था जो विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था।
अधिकारियों का कहना है कि इस मॉड्यूल के भंडाफोड़ से राजधानी में एक बड़ा संभावित आतंकी हमला टल गया है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इस पूरे ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त रूप से अंजाम दिया, ताकि किसी तरह की अफवाह या दहशत न फैले।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
