जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार को एक संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर को मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 3 जुलाई को जिले के मीमंदर इलाके में स्थित एक घने बाग में तलाशी अभियान शुरू किया था, जो सात गांवों में फैला हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आप भाग सकते हैं लेकिन छिप नहीं सकते, एसओजी शोपियां ने आरआर और सीआरपीएफ के साथ एक संयुक्त अभियान में लश्कर के एक आतंकवादी को निष्प्रभ कर दिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मारे गए आतंकवादी की पहचान प्रतिबंधित लश्कर संगठन के स्वयंभू कमांडर जाकिर अहमद गनी के रूप में की है। 26 वर्षीय गनी पड़ोसी जिले कुलगाम के मोतलहामा इलाके का निवासी था। अधिकारियों के अनुसार, वह 27 सितंबर 2023 को शटरिंग का काम करने के लिए अपने घर से दियालगाम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाशी के बाद 3 अक्टूबर 2023 को कुलगाम पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बाद में गनी लश्कर के ऑफशूट द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) में शामिल हो गया था। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कुलगाम थाने में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

सुरक्षा बलों ने 3 जुलाई को निगरानी कैमरों के जरिए मीमंदर के घने बाग में दो आतंकवादियों को देखा था। पुलिस, सेना की 55 आरआर, 44 आरआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पिछले पांच दिनों से इलाके को चारों तरफ से घेर रखा था और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी भी हुई। सेना की विशेष काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट विक्टर फोर्स ने घने बाग के बीच से आतंकवादियों के सभी संभावित रास्तों को सील करने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की और पूरे इलाके को रोशन कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि गर्मियों के दौरान बागों में भारी पत्तियां प्राकृतिक सुरक्षा प्रदान करती हैं, जिससे निगरानी कठिन हो जाती है और आतंकवादी घेराबंदी तोड़ने के लिए इन ब्लाइंड स्पॉट का फायदा उठाते हैं। शोपियां दक्षिण कश्मीर को मध्य कश्मीर और पीर पंजाल रेंज से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट कॉरिडोर रहा है। गनी के अलावा, दूसरे फंसे हुए आतंकवादी के लतीफ होने की आशंका है, जो पिछले साल ही संगठन में शामिल हुआ था।

Next Story