रूस-यूक्रेन युद्ध लगातार तेज होता जा रहा है। इस बीच पोलैंड ने भारत को उन प्रमुख देशों में शामिल बताया है जो इस संघर्ष को समाप्त कराने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोशेव्स्की ने कहा कि वर्ष 2022 में भारत के हस्तक्षेप ने इस युद्ध को परमाणु टकराव में बदलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोशेव्स्की ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के बेहद सम्मानित राजनेताओं में शामिल हैं और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उन चुनिंदा नेताओं में से एक के रूप में उनकी बात पर ध्यान देते हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बेहद प्रसिद्ध वैश्विक राजनेता हैं, जिनका दुनिया में काफी सम्मान है। भारत के रूस और उससे पहले सोवियत संघ के साथ गुटनिरपेक्ष देश के रूप में लंबे समय से संबंध रहे हैं। राष्ट्रपति पुतिन वास्तव में प्रधानमंत्री मोदी की बात पर ध्यान देते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी उन बहुत कम लोगों में से एक हैं जो वास्तव में राष्ट्रपति पुतिन पर दबाव और प्रभाव डाल सकते हैं। यह स्पष्ट रूप से ऐसी क्षमता है जिसका उपयोग भारत इस संघर्ष को रोकने के लिए कर सकता है।”

पोलैंड के उप विदेश मंत्री ने वर्ष 2022 के घटनाक्रम का भी उल्लेख किया, जब भारत ने युद्ध के दौरान परमाणु तनाव कम करने की अपील की थी। इसी अवधि में भारत ने यूक्रेन में रूसी हमलों के बीच फंसे हजारों भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए “ऑपरेशन गंगा” भी चलाया था।

इस बीच, पिछले महीने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को “एक महान देश” बताते हुए नई दिल्ली की स्वतंत्र विदेश नीति की सराहना की थी। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई थी जब रूस से तेल खरीद और व्यापारिक संबंधों को लेकर भारत और अमेरिका के बीच मतभेद जारी थे।

पुतिन ने भारत-रूस सहयोग को लेकर नई दिल्ली पर दबाव बनाने की अमेरिकी कोशिशों की भी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसे प्रयास द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए “हानिकारक” हैं। सेंट पीटर्सबर्ग इकोनॉमिक फोरम के दौरान मीडिया से बातचीत में पुतिन ने कहा, “हमें खुशी है कि भारत सभी देशों के साथ अपने संबंध विकसित कर रहा है। यह एक महान देश है। स्वाभाविक है कि वह अपने हितों के अनुरूप उन देशों के साथ अपने आर्थिक संबंध विकसित करे, जिन्हें वह आवश्यक समझता है।” पोलैंड के उप विदेश मंत्री के ताजा बयान और पुतिन की हालिया टिप्पणियों ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत की संभावित कूटनीतिक भूमिका को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story