मुख्यमंत्री धामी ने डिफेंस कॉलोनी की शिवमहापुराण कथा में किया प्रतिभाग, कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की डिफेंस कॉलोनी में आयोजित शिवमहापुराण कथा में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने आध्यात्मिक आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपरा से जोड़ने वाला माध्यम बताया।

तस्वीर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून की डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं से है। प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत और अधिक सशक्त हो तथा समाज में आपसी सौहार्द और सद्भाव की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आध्यात्मिक आयोजन के माध्यम से सनातन परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
