प्रधानमंत्री ने बिहार के पूर्णिया में 40,000 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और उद्घाटन
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू, राजीव रंजन सिंह, जीतन राम मांजी, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, नित्यानंद राय, राम नाथ ठाकुर, डॉ. राज भूषण चौधरी, सतीश चंद्र दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

मालीगांव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के पूर्णिया में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास की घोषणा करते हुए, मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि रेलवे, हवाई अड्डा, बिजली और पानी से जुड़ी ये परियोजनाएँ सीमांचल की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बनेगी। उन्होंने आज एक वंदे भारत, दो अमृत भारत और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन के उद्घाटन की घोषणा की और विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन की आधारशिला रखी।
इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्रियों में राममोहन नायडू, राजीव रंजन सिंह, जीतन राम मांजी, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, नित्यानंद राय, राम नाथ ठाकुर, डॉ. राज भूषण चौधरी, सतीश चंद्र दुबे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री ने 4,410 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित अररिया-गलगलिया (ठाकुरगंज) नई रेल लाइन सेक्शन पर ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। यह नई रेल लाइन अररिया और किशनगंज जिलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करती है, जिससे पूर्वोत्तर बिहार की पहुँच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने जोगबनी और दानापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पटना जैसे जिलों को सीधा लाभ होगा। सहरसा और छेहरटा (अमृतसर) तथा जोगबनी और इरोड के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस की नई सेवाओं को भी प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाई।

