असम जनसभा: पीएम मोदी का कांग्रेस पर प्रहार, पाकिस्तान कनेक्शन और विकास पर घेरा
प्रधानमंत्री मोदी ने असम में कांग्रेस के 'सौतेले व्यवहार' की आलोचना की और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बहाने विपक्ष के पाकिस्तान कनेक्शन पर तीखा हमला बोला।

असम के डिब्रूगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जहां उन्होंने राज्य के विकास और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का ब्यौरा दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह जनसमर्थन कांग्रेस के लिए चिंता का विषय है। कांग्रेस पहले से ही हैरान-परेशान है और मतदान से ठीक पहले इस तरह की तस्वीरें उसे और पस्त कर देंगी। जनता का यह उत्साह एक मजबूत संदेश दे रहा है।
सांस्कृतिक विरासत और विकसित असम का संकल्प
उन्होंने असम की सांस्कृतिक विविधता और एकता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की शानदार विरासत रही है। अहोम, कोच-राजबंशी, मोरान, मोतोक, मिसिंग, देवरी जैसे कई समाज सदियों से सौहार्द के साथ यहां रहते आए हैं। कोई असमिया बोलता है, कोई बांग्ला और कोई हिंदी, लेकिन हर किसी का सपना एक ही है, विकसित असम और विकसित भारत। उन्होंने असम के महान नेताओं और विभूतियों को भी याद किया। उन्होंने भूपेन हजारिका, गोपीनाथ बोरदोलोई और ज्योति प्रसाद अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान हस्तियों ने असम समाज को दिशा दी है। इन्हीं पूर्वजों की प्रेरणा से भाजपा-एनडीए सरकार डिब्रूगढ़ को एक बड़े व्यापारिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित कर रही है।
कांग्रेस की उपेक्षा और सौतेला व्यवहार
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "नुमालीगढ़ से डिब्रूगढ़ तक का हाईवे कांग्रेस की असम के प्रति उपेक्षा का स्पष्ट उदाहरण है।" यह परियोजना 2005 में स्वीकृत हुई थी, लेकिन 2013 तक इसमें कोई प्रगति नहीं हुई, जबकि इस दौरान केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि "कांग्रेस ने असम के साथ सौतेला व्यवहार किया, जिसके कारण अपर असम और बराक घाटी जैसे क्षेत्रों का विकास प्रभावित हुआ।" इस उपेक्षा के चलते असम लंबे समय तक पिछड़ा और विभाजित रहा। कांग्रेस के दशकों के कुशासन ने असम की कनेक्टिविटी की कोई चिंता नहीं की।
ब्रह्मपुत्र पर सेतु और कनेक्टिविटी की नई ऊंचाई
बोगिबिल ब्रिज हो, भूपेन हजारिका सेतु हो, जोरहाट-माजुली सेतु हो, ब्रह्मपुत्र और अन्य नदियों पर बन रहे ऐसे सेतु इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई पर पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले, दुनिया ने मोरान में एक शानदार नजारा देखा, जहां भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा बनाए गए एक नए हाईवे पर लड़ाकू विमानों ने लैंडिंग की। उन्होंने कहा कि "मैं भी वायुसेना के साथ-साथ उसी सड़क पर उतरा।" महज दस साल पहले, असम के लोगों को सड़कों की बुनियादी सुविधाओं, यानी गाड़ियों के चलने लायक सड़कों, के लिए भी गुहार लगानी पड़ती थी।
पाकिस्तान कनेक्शन और सेना का सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक और 2025 के 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पाकिस्तान के एजेंडे को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कांग्रेस ने वही गीत गाया, जो पाकिस्तान ने लिखा था।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि "यह पाकिस्तान कनेक्शन हमेशा देश पर भारी पड़ता है और हम ऐसा कभी नहीं होने दे सकते।"
उन्होंने कांग्रेस पर सेना की उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया, जो दशकों तक पूर्व सैनिकों के लिए 'वन रैंक, वन पेंशन' को लागू करने से इनकार करती रही। प्रधानमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने राष्ट्र की रक्षा करने वालों को यह लाभ देकर न्याय सुनिश्चित किया है, और अब तक पूर्व सैन्य कर्मियों के बैंक खातों में 1.24 लाख करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
