पटियाला जिले में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब शंभू–अंबाला रेल खंड के पास स्थित एक फ्रेट रेलवे ट्रैक के समीप जोरदार विस्फोट की घटना सामने आई। शुरुआत में इसे एक सामान्य या कम तीव्रता वाला धमाका माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने इसे एक संभावित आईईडी (IED) विस्फोट की कोशिश और बड़ी साजिश का हिस्सा बताया है।

घटना पटियाला के बठोनिया गांव के पास उस समय हुई जब रात लगभग 10 बजे फ्रेट ट्रेनों के लिए निर्धारित रेलवे ट्रैक के आसपास अचानक विस्फोट की आवाज गूंजी। स्थानीय प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बलों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं।

पटियाला के SSP वरुण शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में इसे कम तीव्रता वाला विस्फोट माना गया था, लेकिन जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि यह एक आईईडी को सक्रिय करने या लगाने की कोशिश थी, जो असफल रही। इस दौरान विस्फोट होने से मौके पर मौजूद संदिग्ध व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शव पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

SSP वरुण शर्मा ने बताया कि “हमें सूचना मिली थी कि शंभू–हरियाणा सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर कम तीव्रता का विस्फोट हुआ है। तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। वहां पाया गया कि यह कोई सामान्य विस्फोट नहीं बल्कि एक आईईडी को सक्रिय करने की कोशिश थी। इस प्रयास के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की मौत हो गई और उसका शव बरामद किया गया है।”

घटनास्थल से पुलिस को कुछ अहम सबूत भी मिले हैं, जिनमें एक सिम कार्ड और अन्य फॉरेंसिक सामग्री शामिल है। इन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कोई संगठित नेटवर्क या बड़ी साजिश तो नहीं है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। जीआरपी, आरपीएफ और पंजाब पुलिस संयुक्त रूप से रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में भी फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर एक विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिसमें एक मालगाड़ी के इंजन को नुकसान पहुंचा था और लोको पायलट को मामूली चोटें आई थीं। उस घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां रेलवे नेटवर्क पर विशेष सतर्कता बरत रही थीं। पटियाला की यह ताजा घटना न केवल रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि ट्रैक के आसपास किसी संगठित साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही हैं।

Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story