जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल और पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आर.एस.पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांव बिधिपुर में संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने खेतों से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारत में गिराई गई थी। बरामद हेरोइन की मात्रा लगभग 5 किलो 300 ग्राम बताई जा रही है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 करोड़ रुपए है।

यह कार्यवाही सीमा सुरक्षा बल (BSF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। दोनों एजेंसियों ने पाकिस्तानी क्षेत्र की तरफ से देखी गई संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की जानकारी मिलते ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को सीमावर्ती खेतों में संदिग्ध पैकेट मिला। जब पैकेट की जांच की गई तो उसमें हेरोइन बरामद हुई। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया और मौके पर पुलिस को सौंप दिया।


सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ड्रोन का इस्तेमाल अब नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पाकिस्तान की ओर से भेजे गए ड्रोन भारतीय सीमा में पकड़े गए या बरामद हुए हैं। बीएसएफ के अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर निगरानी और तकनीकी उपकरणों को और मजबूत किया गया है ताकि भविष्य में ऐसी कोशिशों को तुरंत रोका जा सके।


डीआईजी बीएसएफ सेक्टर आर.एस.पुरा चित्रपाल सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति की जानकारी ली। उनके साथ स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। डीआईजी चित्रपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान की तरफ से किया गया था। उन्होंने कहा कि यह घटना सीमा पार से नशीले पदार्थों की लगातार कोशिशों का एक और उदाहरण है, लेकिन हमारी सतर्कता के कारण यह प्रयास नाकाम रहा।


सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की यह घटना जम्मू-कश्मीर में पहली नहीं है, लेकिन यह हालिया समय की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। बीएसएफ और पुलिस दोनों ने कहा है कि सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल सुरक्षा बलों तक पहुंचाने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जनता की मदद से इस तरह के तस्करी नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सकता है।



Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story