राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। NHAI ने राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स प्राइवेट लिमिटेड (RIIMPL) की स्थापना की, जिसे सार्वजनिक इनविट (Public Infrastructure Investment Trust) के रूप में स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य सड़क अवसंरचना में जनता की भागीदारी को बढ़ाना और निवेशकों के लिए दीर्घकालिक अवसर सुनिश्चित करना है।

मुंबई में आयोजित उद्घाटन समारोह में NHAI के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने परिसंपत्ति मुद्रीकरण के क्षेत्र में अब तक कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर (TOT) मॉडल के माध्यम से 48,995 करोड़ रुपये मूल्य की परिसंपत्तियों का सफलतापूर्वक मुद्रीकरण किया गया है और निजी इनविट के चार दौरों में लगभग 43,638 करोड़ रुपये जुटाए गए। इससे देश और विदेश के प्रमुख निवेशकों का ध्यान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की ओर आकर्षित हुआ है।

संतोष कुमार यादव ने आगे कहा कि अगले तीन से पांच वर्षों में लगभग 1,500 किलोमीटर पूर्ण और चालू राष्ट्रीय राजमार्गों को सार्वजनिक इनविट में शामिल किया जाएगा। इससे खुदरा और घरेलू निवेशकों को भी राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों में निवेश के व्यापक अवसर मिलेंगे। यह पहल देश में राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के निर्माण में जनभागीदारी का एक नया अध्याय खोल सकती है।

NHAI के सदस्य (वित्त) एनआरवीवीएमके राजेंद्र कुमार को निवेश प्रबंधक कंपनी RIIMPL का प्रबंध निदेशक और सीईओ (अतिरिक्त प्रभार) नियुक्त किया गया है। RIIMPL एक सहयोगी उद्यम है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एनएबीएफआईडी, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व वेंचर्स लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीबीआई बैंक, इंडसइंड बैंक और यस बैंक सहित प्रमुख बैंक और वित्तीय संस्थान भागीदार हैं।

इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य खुदरा और घरेलू निवेशकों को उच्च-गुणवत्ता वाले और दीर्घकालिक निवेश उत्पाद उपलब्ध कराना है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण क्षमता की जानकारी प्रदान करेगा। RIIMPL के माध्यम से NHAI ने निवेश के पारदर्शी और व्यवस्थित प्लेटफॉर्म की नींव रखी है, जो भारत में सड़क अवसंरचना विकास में नए युग की शुरुआत माने जा रहे हैं।

Updated On
Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story