न्यू टिहरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजा, जहां केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशेष फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना था।

कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान, गरिमा और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को और मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

श्री गणेश जोशी ने केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से आयोजित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा और देश के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाने वाली तस्वीरों की सराहना की।

न्यू टिहरी में आयोजित विशेष फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘पार्टिशन हॉरर्स’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और 1947 के विभाजन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान तिरंगा रैली भी आयोजित की गई। चंबा ब्लॉक के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा लेकर रैली श्री देव सुमन पार्क से शुरू हुई और लोगों के बीच देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया। रैली के दौरान हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए अपील की गई।

अपर जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम श्री कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी रैली में शामिल हुए। श्री शैलेंद्र सिंह नेगी और श्री कमलेश मेहता ने भी विद्यार्थियों को अभियान में भाग लेने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनमें देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना था।

मुख्य अतिथि श्री गणेश जोशी ने 13 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा न्यू टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने कविता, चित्रकला और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी रचनात्मकता के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावनाएं व्यक्त कीं।

कविता प्रतियोगिता में वीबीएस पब्लिक स्कूल की कुमारी आकृति ने प्रथम, ऑल सेंट्स कॉन्वेंट स्कूल की कुमारी अवंतिका ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में ऑल सेंट्स कॉन्वेंट स्कूल के अरुम हुसैन ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषि ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में ऑल सेंट्स कॉन्वेंट स्कूल की रिद्धिमा ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कुमारी फैजा ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रहनुमा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सूचना विभाग, टिहरी की ओर से प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में भी प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक यादों को प्रदर्शित किया गया। तस्वीरों और विस्तृत विवरणों के माध्यम से विभाजन के दौरान लाखों लोगों की पीड़ा और संघर्ष तथा घरों और परिवारों से बिछड़ने की दर्दनाक कहानियों को सामने रखा गया।

इस अवसर पर विभाजन के बाद पाकिस्तान से टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। भावुक कर देने वाले इस क्षण ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर गहरी छाप छोड़ी। कार्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी को इतिहास के इस पीड़ादायक अध्याय से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में टिहरी की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल, श्री उदय रावत, जिला अध्यक्ष, भाजपा, चंबा ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय निवासी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story