असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बेटे नंदिल बिस्वा सरमा ने वियतनाम के दा नांग में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन वियतनाम 2026 चुनौती को लगभग 16 घंटे में पूरा कर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी हैं। 226 किलोमीटर लंबी इस कठिन ट्रायथलॉन रेस में तैराकी, साइकिलिंग और फुल मैराथन शामिल थी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के बेटे नंदील बिस्वा सरमा इन दिनों अपनी राजनीतिक पहचान नहीं, बल्कि अद्भुत खेल उपलब्धि को लेकर राष्ट्रीय चर्चा में हैं। नंदिल ने 10 मई 2026 को वियतनाम के दा नांग शहर में आयोजित प्रतिष्ठित IRONMAN Vietnam चुनौती को लगभग 16 घंटे में पूरा कर दुनिया के सबसे कठिन एकदिवसीय खेल आयोजनों में से एक में सफलता हासिल की।

यह प्रतियोगिता वैश्विक IRONMAN रेसिंग सीरीज़ के अंतर्गत आयोजित की जाती है और इसे अत्यधिक शारीरिक तथा मानसिक क्षमता की परीक्षा माना जाता है। इस चुनौती में प्रतिभागियों को बिना रुके लगातार तीन कठिन चरण पूरे करने होते हैं, जिनमें 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर की फुल मैराथन दौड़ शामिल होती है। कुल मिलाकर यह प्रतियोगिता 226 किलोमीटर यानी 140.6 मील की दूरी को कवर करती है।

ट्रायथलॉन दौड़ पूरा करते नंदील बिस्वा सरमा

वियतनाम का तटीय शहर Da Nang इस प्रतियोगिता के लिए खास तौर पर चुनौतीपूर्ण माना जाता है। समुद्री तटों पर होने वाली तैराकी, लंबी तटीय साइकिलिंग रूट्स और उमस भरा उष्णकटिबंधीय मौसम खिलाड़ियों की सहनशक्ति की कड़ी परीक्षा लेते हैं। आमतौर पर खिलाड़ी इस चुनौती को पूरा करने में 8 से 17 घंटे तक का समय लेते हैं। वियतनाम पहले आयरनमैन 70.3 रेसों की मेजबानी कर चुका है, लेकिन हाल के वर्षों में यहां फुल-डिस्टेंस आयरनमैन फॉर्मेट को भी शामिल किया गया है।

नंदिल बिस्वा सरमा फिलहाल National Law School of India University में पांचवें वर्ष के बीए एलएलबी छात्र हैं, जिसे देश के शीर्ष विधि संस्थानों में गिना जाता है। इससे पहले उन्होंने The Doon School में पढ़ाई की थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह लंबे समय से एंड्योरेंस स्पोर्ट्स और ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते रहे हैं।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और उनका परिवार

राजनीतिक परिवार से संबंध होने के कारण नंदिल समय-समय पर अपने पिता के चुनाव अभियानों में भी दिखाई देते रहे हैं, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि फिलहाल असम की सक्रिय राजनीति में आने की उनकी कोई योजना नहीं है। हालांकि आयरनमैन वियतनाम में उनकी सफलता के बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं और कई लोगों ने उनके संभावित राजनीतिक प्रवेश को लेकर अटकलें लगानी शुरू कर दीं। इसके बावजूद परिवार की ओर से राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

नंदिल की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सार्वजनिक रूप से गर्व व्यक्त करते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना की। ऐसे समय में जब युवा पीढ़ी के सामने फिटनेस और मानसिक दृढ़ता बड़ी चुनौती बनती जा रही है, नंदिल बिस्वा सरमा की यह उपलब्धि केवल एक खेल सफलता नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और असाधारण इच्छाशक्ति का उदाहरण बनकर सामने आई है।

Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story