डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। मध्य प्रदेश की 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में शुक्रवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त पहुंच गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से सिंगल क्लिक के माध्यम से 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार पात्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये की राशि अंतरित की। इस दौरान कुल 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से पिछोर पहुंचे, जहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने योजना की किस्त जारी की। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने उपस्थित लाड़ली बहनों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 10 बजे से ही बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।

पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद भरत सिंह कुशवाह और विधायक प्रीतम लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर उत्साह देखने को मिला। लाड़ली बहनों ने भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी की।

लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करने के बाद मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में शामिल होंगे। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक कृषि पद्धतियों और उन्नत पशुपालन को प्रोत्साहित करना है।

सम्मेलन के दौरान कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजन होंगे। इसके साथ ही उन्नत पशुपालन पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें उत्कृष्ट नस्लों के गोवंश और भैंसवंशी पशुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्मेलन को संबोधित कर किसानों और पशुपालकों को कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और प्रयासों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री शाम को महाराजपुरा विमानतल पहुंचेंगे और वहां से भोपाल के लिए रवाना होंगे। लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के तहत 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ मुख्यमंत्री का दौरा कृषि और पशुपालन गतिविधियों पर भी केंद्रित रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story