भारत के सबसे सम्मानित ट्रेड एनालिस्ट में से एक कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ के नए सीजन के साथ वापस आ गए हैं। इस सीजन में मशहूर गायक, संगीतकार और संगीत जगत के दिग्गज अपनी रचनात्मक यात्रा, प्रेरणा और उन अनकही कहानियों पर बात कर रहे हैं, जिनके पीछे वह संगीत है जिसने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। लेटेस्ट एपिसोड में मशहूर गायक शान नजर आए।

अपनी शानदार और बहुमुखी आवाज के लिए पहचाने जाने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर और कंपोजर शान ने दशकों तक अपने यादगार गानों से लोगों के दिलों में जगह बनाई है। खास बातचीत के दौरान उन्होंने दिग्गज संगीत हस्तियों की आवाज और उनके गाने के अनोखे तरीकों पर खुलकर बात की।

लता मंगेशकर की गायकी के बारे में बात करते हुए शान ने कहा, “लता जी की सांस की आवाज नहीं आती गाते वक्त।” उन्होंने बताया कि यह उनकी असाधारण कला थी कि वह बिना आवाज किए सांस कैसे लेती थीं या हवा को कैसे निगलती थीं। शान के मुताबिक, उस दौर में गाते समय आप अजीब एक्सप्रेशन नहीं दे सकते थे, वरना सामने वाले दूसरे म्यूजिशियन हंसने लगते थे। उनके पास सांस लेने का अपना खास तरीका था।

आशा भोसले की गायकी को लेकर शान ने बताया कि वह अपनी सांस का बहुत खूबसूरती से इस्तेमाल करती थीं। जब गाने में सेंशुअसनेस होती थी, तो वह सुनाई देने वाली सांस लेती थीं, जिससे गाने में एक अलग जादू आ जाता था। उस दौर में गाने के दौरान कहां सांस लेनी है और कहां नहीं, यह सिंगर्स खुद अपनी समझदारी और मेहनत से तय करते थे।

शान ने यह भी कहा कि आज गायकों के पास रिकॉर्डिंग के बाद आवाज को क्लीन करने के लिए कई तरह के रिसोर्स मौजूद हैं। इसके विपरीत उस दौर में गायकों को अपनी गायकी के दौरान ही सांस लेने के तरीके और समय पर विशेष ध्यान देना पड़ता था।

‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ के साथ कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा से जुड़ी बातचीत को एक नए अंदाज में सामने ला रहे हैं। ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ को यूट्यूब चैनल पर जरूर देखें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story