खदान के पानी में छिपाई गई चोरी की बाइक बरामद, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
कटनी के स्लीमनाबाद में चोरी की मोटरसाइकिल को खदान के पानी में छिपाकर पुलिस से बचाने की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खदान से बाइक बरामद कर मामले का खुलासा किया।

कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल को खदान के पानी से बरामद करने के बाद आरोपी के साथ खड़ी पुलिस टीम (बायें से सुदेश कुमार, आरोपी तेजभान, और काशीराम झारिया)।
कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की एक मोटरसाइकिल को खदान के पानी में छिपाकर पुलिस की नजरों से बचाने की कोशिश आखिरकार नाकाम साबित हुई। स्लीमनाबाद पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर खदान के पानी से मोटरसाइकिल निकालकर जब्त की गई, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्या के निर्देशन तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने इस मामले का सफल खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिछुआ निवासी आनंद चौधरी ने 25 अप्रैल 2026 को थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 22 अप्रैल को वह अपने पिता की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 एमपी 3911 से किराना सामान लेने ग्राम तेवरी गया था। सुबह करीब 9 बजे उसने लखनवाड़ा मोड़ स्थित एक दुकान के पास बाइक खड़ी की और सामान लेने चला गया। लगभग 15 से 20 मिनट बाद लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तेजभान माना उर्फ भुरा कुचबंदिया निवासी गोसलपुर, जिला जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मोटरसाइकिल को अपने गांव के पास स्थित केवलारी खेरमाई खदान के पानी में फेंक दिया था, ताकि वाहन बरामद न हो सके। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने खदान के पानी से मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली।
आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक काशीराम झारिया, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, लखन पटेल, आरक्षक दीपक यादव, विशाल शिवहरे, रजनीश टेकाम तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत और अमित श्रीपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई के साथ स्लीमनाबाद पुलिस ने न केवल चोरी के मामले का सफल खुलासा किया, बल्कि चोरी की संपत्ति बरामद कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता भी हासिल की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
