मुंबई में भारतीय नौसेना के प्रमुख लॉजिस्टिक्स प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस हमला और सुगम्यता के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था स्वयं के बीच समावेशी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए समझौता हुआ है। दोनों संस्थाओं ने इस दिशा में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत संस्थान में सुगम्यता ऑडिट, बुनियादी ढांचे में सुधार और भारतीय थल सेना, नौसेना तथा वायु सेना के कर्मियों को सुगम्यता के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नवंबर 2026 में हुई इस साझेदारी का उद्देश्य संस्थागत बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण और सेवा वितरण में सुगम्यता एवं समावेशिता को शामिल करना है। राष्ट्र-निर्माण के प्रति साझा प्रतिबद्धता और सुगम्य भारत के दृष्टिकोण से प्रेरित इस पहल में भारतीय नौसेना का नेतृत्व और बाधा-मुक्त वातावरण तैयार करने में स्वयं की विशेषज्ञता एक साथ आएगी। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करने वाले अन्य लोगों की जरूरतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी गरिमा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया जाएगा।

समझौते के तहत स्वयं आपसी सहमति से चयनित सुविधाओं का सुगम्यता ऑडिट करेगा। इसमें शैक्षणिक संस्थान, प्रशिक्षण कक्ष, खेल एवं मनोरंजन परिसर, भोजन और आतिथ्य स्थल, आवास, स्वच्छता सुविधाएं तथा आम उपयोग की अन्य जगहें शामिल होंगी। ऑडिट के दौरान प्रवेश द्वार, रैंप, सीढ़ियां, हैंडरेल, गलियारे, पैदल मार्ग, पार्किंग, वाहन छोड़ने के स्थान, संकेतक, पेयजल व्यवस्था और सुगम शौचालयों की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही में आने वाली बाधाओं की पहचान के लिए आपातकालीन निकासी व्यवस्था और सहायता संबंधी प्रावधानों की भी समीक्षा होगी।

ऑडिट पूरा होने के बाद स्वयं एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा। इसमें मौजूदा सुविधाओं, सुगम्यता से जुड़ी कमियों और आवश्यक सुधारों के सुझाव शामिल होंगे। इन सुझावों को अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक उपायों में वर्गीकृत किया जाएगा। स्वयं की तकनीकी टीम संबंधित इंजीनियरिंग, रखरखाव और अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर ऑडिट के निष्कर्षों को स्पष्ट करेगी। साथ ही प्रस्तावित समाधानों की समीक्षा और चयनित सुधारों पर तकनीकी सलाह देगी। आपसी सहमति के आधार पर किए गए बदलावों का दोबारा मूल्यांकन भी किया जा सकेगा। इससे आईएनएस हमला अपनी परिचालन आवश्यकताओं, तकनीकी व्यवहार्यता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सुधारों को प्राथमिकता दे सकेगा।

स्वयं की संस्थापक-अध्यक्ष स्मिनु जिंदल ने इस साझेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रगति का वास्तविक पैमाना उन लोगों के प्रति हमारा व्यवहार है, जिनकी जरूरतों को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। उनके अनुसार, सुगम्यता का मूल अर्थ गरिमा, आत्मनिर्भरता और दूसरों पर निर्भर हुए बिना रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल होने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना के साथ यह जुड़ाव विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उदाहरण प्रस्तुत करने वाले संस्थानों में अपने दायरे से आगे बढ़कर लोगों की सोच को प्रभावित करने की क्षमता होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी अन्य संगठनों को भी अपने निर्णयों के प्रभाव का आकलन करने, पुरानी मान्यताओं पर सवाल उठाने और समान अवसर उपलब्ध कराने की साझा जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करेगी।

एमओयू में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों, प्रशिक्षुओं तथा अन्य संबंधित हितधारकों के लिए जागरूकता और क्षमता-निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने का भी प्रावधान है। आईएनएस हमला तीनों सेनाओं के अधिकारियों के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करता है। ऐसे में इन कार्यक्रमों के माध्यम से सशस्त्र बलों में सुगम्यता और समावेशी कार्यप्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा।

इन कार्यक्रमों में संवाद, प्रदर्शन, सिमुलेशन और व्यावहारिक अभ्यास शामिल होंगे। इनके जरिए प्रतिभागियों को दिव्यांगजनों के साथ उचित व्यवहार, सम्मानजनक बातचीत, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले लोगों की मदद तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता देने के तरीके सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण में दिव्यांग व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अस्थायी चोटों से प्रभावित लोगों की जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसमें इस बात पर जोर रहेगा कि सहायता देते समय संबंधित व्यक्ति की गरिमा और आत्मनिर्भरता का सम्मान किया जाए।

जहां आवश्यक होगा, वहां आतिथ्य, खानपान और सेवा संबंधी प्रशिक्षण में भी सुगम्यता के पहलुओं को शामिल किया जाएगा। आईएनएस हमला कर्मियों को लॉजिस्टिक्स और इससे जुड़ी सेवाओं में विशेष भूमिकाओं के लिए तैयार करता है। इसलिए प्रशिक्षण के दौरान समावेशी बातचीत, बैठने की व्यवस्था, सेवा काउंटर और रोजमर्रा के कामकाज में सहायता जैसे विषयों को भी शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशिक्षुओं को नौसेना के विभिन्न केंद्रों में भविष्य की नियुक्तियों के दौरान इन सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करने के लिए तैयार करना है।

आईएनएस हमला के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर परमजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्र-निर्माण की वास्तविक भावना ऐसे देश के निर्माण में है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, स्वतंत्रता और अपनापन महसूस करते हुए जीवन जीने का अवसर मिले। स्वयं के साथ साझेदारी इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण में सुगम्यता एवं समावेशिता पर अधिक ध्यान देकर ऐसा वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जहां कम सुविधाओं वाले लोगों की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझा जा सके। उनके अनुसार, सशस्त्र बलों के सभी कर्मियों को इस विषय के प्रति संवेदनशील बनाने से ये मूल्य आईएनएस हमला से आगे तक पहुंचेंगे और बेहतर समाज के निर्माण के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएंगे।

स्वयं इस पहल के तहत भारतीय नौसेना को अपनी विशेषज्ञता और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा। यह पूरी पहल निःशुल्क होगी। संस्था का उद्देश्य आईएनएस हमला जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में सभी के लिए सुगम्यता, गरिमा और समावेशिता के सिद्धांतों को संस्थागत बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण और सेवा वितरण का अभिन्न हिस्सा बनाना है। यह पहल सुगम्य भारत के निर्माण और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान के साथ राष्ट्र-सेवा में योगदान देने की संस्था की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

समझौते के तहत ऑडिट और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान पहचाने गए प्रभावी उपायों का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। आपसी सहमति और गोपनीयता की शर्तों के अधीन इन उपायों को आईएनएस हमला के दायरे से बाहर अन्य संस्थानों में भी अपनाया जा सकेगा। इससे इस साझेदारी के तहत विकसित समावेशी तौर-तरीकों को व्यापक स्तर पर लागू करने का रास्ता तैयार होगा।

Next Story