गौतम अदाणी ने बिहार में 150 करोड़ की नेत्र चिकित्सा पहल शुरू की
अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की साझेदारी से मस्तीचक में नेत्र अस्पताल और प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी।

बिहार के मस्तीचक में भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी, डॉ. प्रीति अदाणी और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की छात्राओं के साथ।
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बिहार की धरती से ग्रामीण भारत के लिए बड़े नेत्र स्वास्थ्य मिशन की शुरुआत करते हुए 150 करोड़ रुपये की नेत्र चिकित्सा पहल का शुभारंभ किया। ‘सेवा ही साधना है’ के मूलमंत्र से प्रेरित इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। मस्तीचक में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान गौतम अदाणी ने देशभर में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की भी घोषणा की।
मस्तीचक में शुरू की जा रही इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत हर वर्ष लगभग 3.3 लाख आंखों की सर्जरी की जा सकेगी, जबकि आंखों की देखभाल के क्षेत्र में 1,000 हेल्थ प्रोफेशनल को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह परियोजना भविष्य में दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्क में शामिल हो सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार की पवित्र धरती मस्तीचक पहुंचकर उनका मन गर्व, भावनाओं और आत्मीयता से भर गया। उन्होंने कहा कि गायत्री शक्तिपीठ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, संस्कार और सामाजिक जागरण का सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने गायत्री परिवार, अखंड ज्योति और आदरणीय मृत्युंजय जी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं, बल्कि उसके जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने का कार्य है। उन्होंने कहा कि “सेवा ही साधना है” उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है।
अदाणी समूह की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के कार्यों को मजबूती देने के लिए 150 करोड़ रुपये का सहयोग देगी। इस राशि से मस्तीचक में अदाणी सेंटर फॉर आई (ACE) और अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन (ATOM) की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान 10 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे बिहार और आसपास के दूरदराज गांवों तक आंखों के इलाज की सुविधा पहुंचाई जाएगी।
ACE अस्पताल में आम लोगों को सस्ती और बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि ATOM के माध्यम से नेत्र चिकित्सकों, सहायक कर्मचारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र चिकित्सा सेवाओं का ढांचा मजबूत हो सके। गौतम अदाणी ने इस परियोजना के दीर्घकालिक संचालन के लिए सहयोग जारी रखने की भी घोषणा की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में गौतम अदाणी के साथ डॉ. प्रीति अदाणी और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद रहे।
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि गौतम अदाणी द्वारा अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल पर जताया गया विश्वास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वंचित और उपेक्षित लोगों के जीवन में दृष्टि, सम्मान, अवसर और आशा पहुंचाने का साझा संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग आने वाले वर्षों में करोड़ों लोगों के जीवन पर दूरगामी प्रभाव डालेगा।
अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल ने बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्थापना की घोषणा भी की है। यह अस्पताल बिहार के बड़े हिस्से तक सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उल्लेखनीय है कि पीरपैंती में अदाणी ग्रुप 2400 मेगावॉट क्षमता का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्थापित कर रहा है।
गौतम अदाणी ने ‘अदाणी अखंड ज्योति फाउंडेशन’ के माध्यम से बिहार के बाहर देश के दूरदराज क्षेत्रों में भी सस्ती नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता जताई। इन सभी पहलों पर कुल निवेश 700 करोड़ रुपये से अधिक होगा।
यह पहल गौतम अदाणी की ‘सेवा ही साधना है’ की सोच को आगे बढ़ाती है। वर्ष 2022 में अपने 60वें जन्मदिन पर उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के लिए 60,000 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। इसके बाद अपने सबसे छोटे बेटे जीत अदाणी के विवाह के अवसर पर 10,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रतिबद्धता भी जताई गई थी। महाकुंभ और पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में भी अदाणी समूह ने सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। महाकुंभ में 50 लाख श्रद्धालुओं और पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में 40 लाख भक्तों के भोजन की व्यवस्था अदाणी समूह की ओर से की गई थी।
बिहार में नेत्र चिकित्सा को लेकर की गई यह घोषणा राज्य में अदाणी समूह की बढ़ती निवेश प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। समूह का बिहार में कुल निवेश करीब 40,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इनमें लगभग 27,000 करोड़ रुपये की लागत वाला 2,400 मेगावॉट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट शामिल है, जो बिहार में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है। इसके अलावा इंडियन ऑयल अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड गया और नालंदा जिलों में सिटी गैस वितरण नेटवर्क विकसित कर रही है, जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड उत्तरी बिहार में करीब 30 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित कर बिजली वितरण प्रणाली को आधुनिक बना रही है। अदाणी समूह नवादा और मुजफ्फरपुर में 6-6 मिलियन टन क्षमता वाली दो सीमेंट ग्राइंडिंग इकाइयों का भी विस्तार कर रहा है, जिन पर लगभग 3,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
वर्ष 2005 में बिहार के ग्रामीण क्षेत्र में 30 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में शुरू हुआ अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल आज देश के प्रमुख नेत्र चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो चुका है। यहां अब तक 14 लाख से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी लौटाई जा चुकी है और लाखों लोगों की जांच की जा चुकी है।
अदाणी ग्रुप और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की यह साझेदारी भारत सरकार के राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टि बाधा नियंत्रण कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसकी शुरुआत 1976 में हुई थी। इसका उद्देश्य आंखों के सस्ते इलाज और देखभाल के लिए सामुदायिक मॉडल विकसित करना है, जिसे देशभर में लागू किया जा सके।
अदाणी फाउंडेशन का विजन केयर प्रोग्राम भी इस मिशन को मजबूती दे रहा है। अगस्त 2026 में अदाणी फाउंडेशन 30 वर्ष पूरे करेगा। वर्ष 2024 में शुरू किए गए विजन केयर प्रोग्राम के तहत अब तक लगभग 1.93 लाख लोगों की आंखों की जांच की जा चुकी है और करीब 59,000 लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए गए हैं। यह अभियान 11 राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों तक पहुंच चुका है।
बिहार के ग्रामीण इलाकों से शुरू हुआ यह मिशन देशभर के वंचित समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास और सेवा की नई रोशनी पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यह पहल केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और उम्मीद लौटाने की व्यापक सामाजिक मुहिम के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
