नर्मदा किनारे गूंजे कदमताल; स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर फौलादी जज्बे का प्रदर्शन
गुजरात के एकतानगर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर हुई एकता परेड की रिहर्सल में जवानों और कलाकारों ने देशभक्ति से भरे शानदार करतब दिखाए।

भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर गुजरात के एकतानगर में माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में बुधवार को आयोजित एकता परेड की रिहर्सल ने मानो इस भव्य समारोह की झलक दिखा दी।
रिहर्सल के दौरान जवानों और कलाकारों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। देश के अलग-अलग राज्यों की झांकियां निकाली गईं, जिन्होंने भारत की विविधता में एकता के संदेश को जीवंत कर दिया। इस दौरान मोटरसाइकिल स्टंट शो सबसे आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें छह जवान एक ही बाइक पर सवार होकर करतब दिखा रहे थे। खास बात यह रही कि सभी जवान अलग-अलग धर्मों की वेशभूषा में थे और उनके ऊपर सरदार पटेल के रूप में एक जवान खड़ा था एक प्रतीक कि भारत की एकता विविधता में ही बसती है।
31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एकतानगर पहुंचेंगे और इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इस मौके पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी सहित देश के अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनके अलावा असम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, केरल और आंध्र प्रदेश पुलिस की टीमें भी परेड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
देशभक्ति की धुनों से गूंजने वाली परेड में नौ बैंड टुकड़ियां शामिल होंगी, जबकि चार स्कूल बैंड, जिनमें गुजरात के दो बैंड प्रमुख हैं, विशेष प्रदर्शन करेंगे। सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की महिला कर्मी जहां अपने मार्शल आर्ट और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करेंगी, वहीं बीएसएफ का ऊंट दस्ता और गुजरात पुलिस का घोड़ा दल इस आयोजन में भव्यता जोड़ेंगे।
कार्यक्रम की सांस्कृतिक भव्यता भी देखने लायक होगी। संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में 900 कलाकार एक साथ मंच पर देश की समृद्ध परंपरा, नृत्य और लोकसंस्कृति का रंग बिखेरेंगे। इसके साथ ही ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से भाग लेने की अपील की है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “31 अक्टूबर को एकता दौड़ में शामिल हों और सरदार पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।” एकतानगर में हो रही ये तैयारियां सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस विचार का उत्सव हैं जिसने भारत को एक सूत्र में बांधा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत।”

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
