एटा: संविधान, दिव्यांगों के मुद्दे और 2027 चुनाव पर बोले सांसद देवेश शाक्य, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

एटा: समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य रविवार को संविधान स्थापना स्तंभ दिवस के अवसर पर एटा स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलने और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद सांसद शहर में धरने पर बैठे दिव्यांगजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संसद में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

जंतर-मंतर कार्रवाई पर केंद्र सरकार पर हमला

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद देवेश शाक्य ने राष्ट्रीय और प्रदेश के कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और सीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया, छात्राओं के साथ अभद्रता हुई और शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं भी करीब ढाई घंटे तक हिरासत में रहे।

इसी दौरान उन्होंने कहा, "युवाओं के आगे सभी को झुकना पड़ता है। अभी तो प्रधान झुके हैं, अगर हठधर्मी रहे तो प्रधानमंत्री को भी झुकना पड़ेगा।"

राममंदिर चंदा प्रकरण पर उठाए सवाल

राममंदिर चंदा प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि मंदिर निर्माण से जुड़े पूरे घटनाक्रम के दौरान केंद्र में वही सरकार थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है।

जब उनसे पूछा गया कि कथित चंदा चोरी के लिए वह किसे जिम्मेदार मानते हैं, तो उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार करते हुए कहा, "हमें इतना पता है कि मकान किसने बनाया, शिलान्यास किसने किया और जब चंदा चोरी हुई तो चाबी किसके पास थी।"




2027 में सपा सरकार बनने का दावा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

ओवैसी और ओपी राजभर के बयानों पर प्रतिक्रिया

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेश शाक्य ने कहा कि वह उनके बयानों पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते।

उन्होंने कहा, "वह हैदराबाद से आए हैं और हैदराबाद ही वापस चले जाएंगे।"

वहीं, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "उन्हें खुद नहीं पता रहता कि सुबह कहां हैं और शाम को कहां। ऐसे व्यक्ति के बारे में क्या कहा जाए।"

एटा के विकास और रेलवे परियोजनाओं पर कही यह बात

अपने संसदीय क्षेत्र में कम दिखाई देने के सवाल पर सांसद ने कहा कि उनसे पहले रहे विपक्षी सांसदों के कामकाज का भी मूल्यांकन होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि संसद में उन्होंने एटा के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं, जिनकी जानकारी संसद पोर्टल पर उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि मानसून सत्र में उनके चार प्रश्न सूचीबद्ध थे, लेकिन सदन की कार्यवाही बाधित रहने के कारण उन पर चर्चा नहीं हो सकी।

रेलवे परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एटा की सबसे बड़ी जरूरत रेलवे लाइन विस्तार है, जिसके लिए धन आवंटित हो चुका है। जल्द ही रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

भाजपा सरकार पर अंतिम हमला

सांसद देवेश शाक्य ने दावा किया कि हालिया छात्र आंदोलन के बाद भाजपा सरकार बैकफुट पर आ गई है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रही है।

Updated On
Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story