देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशों पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और राजनीतिक दलों से सुझाव प्राप्त किए गए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट रोल में शामिल कुल 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड और विसंगति वाले 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 15 लाख से अधिक नोटिसों पर अब तक सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई गतिमान है।

उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार संपादित की जा रही है। प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर अतिरिक्त तैनाती की गई है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इस व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से श्री अनिल गोयल और श्री राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री मनोज रावत और मौ० सुलेमान अंसारी, बीएसपी से श्री सत्यपाल, श्री सतेंद्र, श्री जसपाल और श्री सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से श्री श्याम बाबू पांड्य तथा सीपीआई (एम) से श्री अनंत आकाश उपस्थित रहे।

SIR प्रक्रिया के तहत जारी 24 लाख नोटिसों में से 15 लाख से अधिक मामलों की सुनवाई पूरी होना निर्वाचन प्रक्रिया में हुई अब तक की प्रमुख प्रशासनिक प्रगति के रूप में सामने आया है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story