अयोध्या: राम मंदिर में सेंसरयुक्त बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू
राम मंदिर की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है। इसमें सेंसर, CCTV और वॉच टावर होंगे ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

राम मंदिर, अयोध्या
अयोध्या: अयोध्या में भव्य राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अब एक नई पहल शुरू हो चुकी है। मंदिर परिसर के चारों ओर साढ़े तीन किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है। सोमवार को मृदा परीक्षण पूरा होने के बाद पाइलिंग का काम आरंभ हुआ। यह दीवार केवल सीमांकन ही नहीं, बल्कि एक मजबूत सुरक्षा कवच भी होगी।
इस दीवार की चौड़ाई 14 फीट और ऊंचाई 30 फीट रखी गई है। इसमें 10 फीट हिस्सा जमीन के अंदर और 20 फीट हिस्सा ऊपर होगा। दीवार को मजबूत बनाने के लिए 500 से ज्यादा पिलर डाले जाएंगे। सुरक्षा को देखते हुए इसमें अत्याधुनिक सेंसर लगाए जाएंगे जो किसी भी संदिग्ध हरकत पर तुरंत अलार्म बजाकर कंट्रोल रूम तक संदेश भेज देंगे।
दीवार में 24 से अधिक वॉच टावर होंगे और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनसे सुरक्षा बल हर छोटे-बड़े गतिविधि पर नजर रख सकेंगे। गश्ती दल के लिए 20 फीट चौड़ी सड़क भी तैयार की जा रही है ताकि सुरक्षा बल आसानी से परिसर के चारों ओर गश्त कर सकें। अनुमान है कि इस पूरी सुरक्षा दीवार को बनाने में लगभग एक वर्ष का समय लगेगा।
मंदिर के निर्माण से पहले नींव की मजबूती को परखने के लिए भी गहराई तक जांच की गई थी। मिट्टी कमजोर पाई गई थी, जिसके बाद विशेषज्ञों ने 50 फीट तक खुदाई कर चट्टान जैसी मजबूत नींव बनाई। इसी आधार पर 2020 में भूमि पूजन के बाद मंदिर निर्माण कार्य शुरू हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राम मंदिर में तीन लिफ्टें लगाई जा रही हैं। इनमें एक VVIP लिफ्ट लगभग तैयार है, जबकि वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए दो लिफ्टें भी अगले कुछ दिनों में पूरी हो जाएंगी। हर लिफ्ट में 24 श्रद्धालुओं की क्षमता होगी और यह बेसमेंट से लेकर ग्राउंड फ्लोर तक चलेगी।
इतना ही नहीं, मंदिर आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों और घटनाओं को दिखाने के लिए एक भव्य संग्रहालय भी तैयार हो रहा है। इसमें 7-डी तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे श्रद्धालु हनुमान जी के जीवन और अयोध्या के इतिहास को जीवंत रूप में देख सकेंगे। इस संग्रहालय को मार्च 2026 तक श्रद्धालुओं के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
राम मंदिर निर्माण में अब तक लगभग 1400 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसमें 1100 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। संग्रहालय में बनने वाली 20 गैलरियों की लागत करीब 200 करोड़ रुपये अनुमानित है। सुरक्षा उपकरण खरीद लिए गए हैं और इन्हें लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ट्रस्ट का कहना है कि सुरक्षा इंतजाम इतने मजबूत होंगे कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु पूर्ण सुरक्षा और शांति के साथ दर्शन कर सकेंगे।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
