आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के देवरपल्ली मंडल स्थित श्रीरामपुरम गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, मृत डी. अप्पला नायडू की पत्नी हाइमा का गंगाधर नाम के व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था। अप्पला नायडू इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे, जो उनकी हत्या का मुख्य कारण बना। इस साजिश को अंजाम देने के लिए हाइमा ने गंगाधर और उसके भतीजे नागाचरण के साथ मिलकर अपने ही पति की कमाई से एक लाख रुपये में सुपारी किलर किराए पर लिए।

घटना एक जुलाई की है, जब हत्यारे डी. अप्पला नायडू के घर में घुसे और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इस वारदात ने उनके दो बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया है। शुरुआत में इस मौत को संदिग्ध माना जा रहा था, लेकिन गहन जांच के बाद पुलिस ने इसे सोची-समझी साजिश करार दिया। देवरपल्ली पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पांच जुलाई को मुख्य आरोपी पत्नी हाइमा, उसके प्रेमी गंगाधर और नागाचरण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले दो संदिग्ध प्रकाश और शफीर फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।

Next Story