जसवंतगढ़ में बुधवार को दिवंगत आनंदपाल सिंह सांवराद की नौवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर और श्रद्धांजलि सभा ने जनसहभागिता का नया अध्याय रच दिया। सिया मैरिज गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति रही, जहां एक ओर श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने आनंदपाल सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए, वहीं दूसरी ओर रक्तदान शिविर में युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित किए गए रक्तदान शिविर में दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा। विभिन्न क्षेत्रों और गांवों से पहुंचे लोगों ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। शिविर में कुल 10 विभिन्न ब्लड बैंकों की टीमों ने रक्त संग्रहण का कार्य संभाला। इनमें लाडनूं ब्लड बैंक, डीडवाना ब्लड बैंक, बांगड़ ब्लड बैंक, श्याम ब्लड बैंक, एसएमएस ब्लड बैंक, बीडी मेमोरियल ब्लड बैंक, बंसल ब्लड बैंक जयपुर, रेनवाल ब्लड बैंक, मित्तल ब्लड बैंक सीकर तथा जन सेवा ब्लड बैंक बीकानेर की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

दिनभर चले इस महाअभियान में कुल 1118 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो क्षेत्र में आयोजित रक्तदान कार्यक्रमों के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है। शिविर के सफल संचालन में सैकड़ों स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में आनंदपाल सिंह सांवराद के परिवारजन, समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में उनके छोटे भाई एवं समाजसेवी मंजीतपाल सिंह सांवराद, पत्नी राज कंवर तथा पुत्री योगिता सिंह सांवराद सहित अनेक लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश बागड़ा, सीमा सड़क सुरक्षा बोर्ड के सेवानिवृत्त उपनिदेशक आशु सिंह लाछड़ी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओड़ींट सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्री आनंद परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष मंजीतपाल सिंह सांवराद, योगिता पाल सिंह सांवराद, राज कंवर सांवराद, देवेंद्रपाल सिंह सांवराद, आनंद बागड़ा, महंत गौतमदत्त शास्त्री, सुमित्रा आर्य, जगदीश यायावर, अनूप तिवाड़ी, मोहनसिंह चौहान, शिंभु सिंह जैतमाल, मुराद खां, आरके सुरपालिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

आनंदपाल सिंह सांवराद की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियान के माध्यम से सामाजिक एकजुटता और मानव सेवा की भावना को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त करता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story