नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना ने अपनी 93वीं वर्षगांठ 8 अक्टूबर को धूमधाम के साथ मनाई, लेकिन इस वर्ष वायुसेना दिवस का जश्न केवल समारोह और परेड तक सीमित नहीं रहा। सोशल मीडिया पर पूरे समारोह की सबसे ज्यादा चर्चा उस डिनर मेन्यू की रही, जिसे “93 वर्ष भारतीय वायुसेना के अचूक, अभेद्य और सटीक” का नाम दिया गया है। इस मेन्यू की खासियत यह है कि इसमें शामिल सभी व्यंजनों के नाम पाकिस्तान के विभिन्न ठिकानों और ऑपरेशन क्षेत्रों के नाम पर रखे गए हैं, जिसने इसे लोगों के बीच तेजी से वायरल कर दिया।

मेन्यू में शामिल व्यंजनों के नामों ने न केवल लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर किया, बल्कि भारतीय वायुसेना की सटीक सैन्य कार्रवाईयों की याद दिलाई। इस मेन्यू में रावलपिंडी चिकन टिक्का मसाला, रफिकी रारा मटन, भोलारी पनीर मेथी मलाई, सुक्कुर शाम सवेरा कोफ्ता, सरगोधा दाल मखनी, जकोबाबाद मेवा पुलाव और बहावलपुर नान जैसे व्यंजन शामिल थे। मिठाइयों में बालाकोट तिरामिसु, मुजफ्फराबाद कुल्फी फालुदा और मुरीदके मीठा पान को शामिल किया गया, जो न केवल स्वाद में अलग थे बल्कि भारत की सैन्य उपलब्धियों को भी दर्शाते थे।

इन व्यंजनों के नाम सीधे तौर पर भारत द्वारा आतंकवाद के खिलाफ की गई प्रमुख सैन्य कार्यवाईयों से जुड़े हुए हैं। इनमें सबसे उल्लेखनीय हैं 2019 की बालाकोट एयरस्ट्राइक और 2025 की ऑपरेशन सिंदूर। बालाकोट एयरस्ट्राइक, पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जैश-ए-मोहम्मद के प्रशिक्षण शिविर को ध्वस्त करने के लिए की गई थी। वहीं ऑपरेशन सिंदूर, जो 7 मई 2025 को सम्पन्न हुआ, में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के नौ बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस ऑपरेशन में मुरीदके और बहावलपुर जैसे इलाके शामिल थे, जिन्हें कोलश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय माना जाता है।

वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष मेन्यू का उद्देश्य न केवल उत्सव में एक अनोखी थीम जोड़ना था, बल्कि इसे एक प्रतीकात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया कि भारतीय वायुसेना अपनी सटीक और निर्णायक कार्रवाईयों के लिए जानी जाती है। अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष का वायुसेना दिवस समारोह पारंपरिक परेड और सम्मान समारोहों के साथ-साथ सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और देश की सेवा में उनकी प्रतिबद्धता को भी उजागर करने वाला था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मेन्यू को न सिर्फ सैनिकों ने, बल्कि आम जनता ने भी उत्साह और गौरव के साथ साझा किया। यह मेन्यू एक ओर जहां भारतीय वायुसेना की सामरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल को प्रदर्शित करता है, वहीं दूसरी ओर यह दर्शाता है कि देशभक्ति केवल जश्न तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसे रचनात्मक और प्रतीकात्मक रूप में भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक आयोजन न केवल सैनिकों के मनोबल को बढ़ाते हैं, बल्कि आम नागरिकों में भी देशभक्ति की भावना को जागृत करते हैं। इस वर्ष का वायुसेना दिवस समारोह, अपने अनोखे मेन्यू के कारण, निश्चित रूप से लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।

93 वर्षों के गौरवपूर्ण इतिहास और सटीक ऑपरेशनों के साथ भारतीय वायुसेना ने यह संदेश दिया कि देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में वह हमेशा तत्पर और अचूक है। इस अनोखे मेन्यू ने न सिर्फ सैनिकों और आम जनता के बीच उत्साह पैदा किया, बल्कि भारतीय सैन्य शक्ति की सटीकता और रणनीतिक क्षमता को भी सहज और प्रभावशाली तरीके से उजागर किया।

Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story