सालासर-नागौर हाईवे पर सड़क हादसा, दो सगी बहनों की मौत
विदेश में भाई की मौत के बाद उसके अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव जा रही दोनों महिलाओं की कार सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई।

सालासर-नागौर हाईवे पर ठरड़ा के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत का दुर्घटना स्थल।
लाडनूं। सालासर-नागौर हाईवे पर ठरड़ा के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। दोनों महिलाएं अपने भाई की विदेश में हुई मौत के बाद उसके अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव जा रही थीं। इसी दौरान मंगलम होटल के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा निकटवर्ती सुजानगढ़ के पास ठरड़ा क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न हुआ। एक कार में सवार दोनों बहनें लाडनूं से अपने पैतृक गांव फतेहपुर की भवाज की ढाणी जा रही थीं। उनके भाई की विदेश में मृत्यु हो गई थी और उसका शव बुधवार को गांव पहुंचने वाला था। परिवार में भाई की मौत के बाद दोनों महिलाएं पीहर जा रही थीं, लेकिन रास्ते में उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लाडनूं के शहरिया बास निवासी मेहुरनिशा (46 वर्ष) पत्नी राजू खान और उनकी बहन चौलूखां (डीडवाना) निवासी दौलत बानो (55 वर्ष) पत्नी सलमान खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी कार का चालक मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पकड़ लिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस सुजानगढ़ के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार मय जाप्ते के घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही 'टीम हारे का सहारा' के संयोजक श्याम स्वर्णकार, एम्बुलेंस चालक नवरत्न बिजारणिया और 108 के रामनारायण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद दोनों मृतक महिलाओं के शव मोर्चरी में रखवाए गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई बुधवार को परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। भाई की मृत्यु के बाद पीहर जा रही दोनों सगी बहनों की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Jagdish Saini, Nagaur
नाम: जगदीश यायावर सैनी
वर्तमान पद: संपादक (कलम कला) एवं संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: लाडनूं, जिला- डीडवाना-कुचामन एवं नागौर (राजस्थान)
अनुभव: पत्रकारिता के क्षेत्र में 51 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विषय (खेल जगत को छोड़कर)
अनुभव और विशेषज्ञता
जगदीश यायावर सैनी पिछले 51 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
- अपने इस लंबे करियर में उन्होंने विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में कार्यालय संवाददाता, उप संपादक, समाचार संपादक और सह संपादक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
- उन्होंने 'दैनिक भास्कर' में 20 वर्षों तक नियमित रिपोर्टिंग की है।
- वर्तमान में वह 'कलम कला' के संपादक हैं और हाल ही में 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हैं।
- खेल जगत को छोड़कर, उनकी अपराध जगत, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों की खबरों पर मजबूत पकड़ है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduation) एवं अन्य उच्च शिक्षा।
