लाडनूं उप प्रधान चुनाव में रालोपा के मानाराम परिहार एक वोट से विजयी
भाजपा के समर्थन से रालोपा ने बाजी मारी, 14 बनाम 13 मतों के नतीजे ने क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज की।

लाडनूं पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के बाद उप प्रधान के निर्वाचन में भी सियासी शतरंज की नई चाल देखने को मिली। इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने चुनाव चिह्न पर उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे। मुकाबला राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के उम्मीदवार मानाराम परिहार और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सुमित्रा देवी के बीच हुआ। बेहद करीबी मुकाबले में मानाराम परिहार ने एक मत से जीत दर्ज कर उप प्रधान पद हासिल कर लिया। हालांकि, मतदान के आंकड़ों ने एक बार फिर सदस्यों की कथित दल-बदल और क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
लाडनूं (जगदीश यायावर)। पंचायत समिति लाडनूं में प्रधान पद पर हार के बाद भाजपा ने उप प्रधान चुनाव में नई रणनीति अपनाई और उसे सफलता भी मिली। भाजपा के मानाराम परिहार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया। भाजपा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे परिहार ने 14 मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमित्रा देवी को 13 मत मिले। इस तरह मानाराम परिहार एक मत के अंतर से विजयी घोषित किए गए।
इस जीत के साथ ही रालोपा ने लाडनूं पंचायत समिति में अपना उप प्रधान बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, भाजपा ने रालोपा का समर्थन कर प्रधान पद के चुनाव में मिली हार का जवाब उप प्रधान के निर्वाचन में दिया। शनिवार को उप प्रधान पद के लिए रालोपा उम्मीदवार मानाराम परिहार और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने ही नामांकन पत्र दाखिल किए थे। भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने चुनाव चिह्न पर किसी प्रत्याशी का नामांकन दाखिल नहीं करवाया।
कांग्रेस ने प्रधान पद के चुनाव में उसके पक्ष में मतदान करने वाली सुमित्रा देवी को उप प्रधान पद के लिए आगे किया था। पार्टी को उम्मीद थी कि इस तरह वह अपने समर्थित उम्मीदवार को जीत दिला सकेगी, लेकिन उसका प्रयास सफल नहीं हुआ। भाजपा के समर्थन से रालोपा उम्मीदवार मानाराम परिहार ने बाजी मार ली।
निर्वाचन के नतीजों के बाद पंचायत समिति में सदस्यों के संख्याबल और मतदान के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पंचायत समिति में कुल 27 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें भाजपा के चुनाव चिह्न पर 13, कांग्रेस के 8, रालोपा के 5 और एक निर्दलीय सदस्य निर्वाचित हुआ था।
प्रधान पद के चुनाव के दौरान भाजपा के तीन सदस्य कांग्रेस के साथ चले गए थे। इससे भाजपा का संख्याबल घटकर 10 रह गया, जबकि कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। कांग्रेस को एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन भी मिला था। वहीं, रालोपा के पांचों सदस्यों ने अपने उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया था।
उप प्रधान चुनाव में भाजपा और रालोपा के एक साथ आने से उनके समर्थक मतों की संख्या 15 होनी चाहिए थी। दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में कांग्रेस के 8, भाजपा से बागी हुए तीन सदस्यों और एक निर्दलीय सदस्य को मिलाकर कुल 12 मतों की संभावना थी। इसके बावजूद वास्तविक मतदान में रालोपा उम्मीदवार मानाराम परिहार को 14 और निर्दलीय सुमित्रा देवी को 13 मत मिले।
मतदान के इस गणित ने एक बार फिर क्रॉस वोटिंग की चर्चा को हवा दे दी है। निर्धारित संख्याबल के मुकाबले रालोपा को एक मत कम मिला, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार को एक मत अधिक प्राप्त हुआ। इससे संकेत मिलते हैं कि भाजपा या रालोपा खेमे के किसी एक सदस्य ने निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
प्रधान पद के चुनाव में भाजपा के तीन सदस्यों के पाला बदलने के बाद अब उप प्रधान चुनाव के नतीजों ने भी नया सवाल खड़ा कर दिया है। चर्चाएं हैं कि भाजपा की शनिवार की रणनीति सफल रही, लेकिन मतदान के आंकड़े यह सवाल छोड़ गए कि आखिर उप प्रधान के चुनाव में किस सदस्य ने फिर पाला बदला और किसका वोट दूसरे खेमे में चला गया।

Jagdish Saini, Nagaur
नाम: जगदीश यायावर सैनी
वर्तमान पद: संपादक (कलम कला) एवं संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: लाडनूं, जिला- डीडवाना-कुचामन एवं नागौर (राजस्थान)
अनुभव: पत्रकारिता के क्षेत्र में 51 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विषय (खेल जगत को छोड़कर)
अनुभव और विशेषज्ञता
जगदीश यायावर सैनी पिछले 51 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
- अपने इस लंबे करियर में उन्होंने विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में कार्यालय संवाददाता, उप संपादक, समाचार संपादक और सह संपादक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
- उन्होंने 'दैनिक भास्कर' में 20 वर्षों तक नियमित रिपोर्टिंग की है।
- वर्तमान में वह 'कलम कला' के संपादक हैं और हाल ही में 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हैं।
- खेल जगत को छोड़कर, उनकी अपराध जगत, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों की खबरों पर मजबूत पकड़ है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduation) एवं अन्य उच्च शिक्षा।
