वडोदरा मंडल का रेलवे सुरक्षा अभियान, पटरियों पर वस्तुएं न रखने की अपील
खंडाला-टांडा रोड रेलखंड पर सुरक्षित रेल परिचालन के लिए RPF और प्रशासन ने ग्रामीणों व छात्रों को जागरूक कर गश्त बढ़ाई।

तस्वीर में कक्षा में विद्यार्थियों को समझाते पुलिसकर्मी और पटरियों पर सुरक्षा संवाद दिखता है।
रेल पटरियों पर पत्थर, लोहे या अन्य ठोस वस्तुएं रखने और रेलवे लाइन पार करने जैसी खतरनाक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा खंडाला-टांडा रोड रेलखंड में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीणों और विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऐसी लापरवाही के गंभीर परिणामों से अवगत कराया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वडोदरा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल एवं परिचालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अलीराजपुर के इंस्पेक्टर एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में रेलवे लाइन के समीप स्थित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान उप सब इंस्पेक्टर मनोज बोरासी एवं खंडाला से टांडा रोड के बीच तैनात रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों ने संवेदनशील स्थानों पर गश्त की और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
चमार बेगड़ा, बेटवासा, कोसधुना एवं कोयला बायड़ा गांवों के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को रेलवे लाइन पार करने और पटरियों पर चलने के खतरों के बारे में विस्तार से समझाया गया। बच्चों को सख्त हिदायत दी गई कि वे स्कूल आते-जाते समय रेलवे ट्रैक का उपयोग न करें और रेलवे लाइन के आसपास न खेलें तथा अनावश्यक रूप से न घूमें। इन क्षेत्रों के अधिकांश विद्यालय रेलवे लाइन के काफी समीप स्थित होने के कारण शिक्षकों से भी नियमित रूप से प्रार्थना सभा एवं कक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अनुरोध किया गया।
ग्रामीणों को रेलवे पटरियों पर पत्थर, लोहे अथवा किसी भी प्रकार की ठोस वस्तु रखने के गंभीर परिणामों से भी अवगत कराया गया। उन्हें रेलवे लाइन के आसपास मवेशियों को चराने से बचने तथा बच्चों को रेलवे ट्रैक से दूर रखने की सलाह दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि इस प्रकार की लापरवाही से रेल परिचालन बाधित होने के साथ यात्रियों, रेल कर्मचारियों, बच्चों एवं आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक के संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी भी की। जोबट, खट्टाली एवं बोरी पुलिस थानों के अधिकारियों तथा संबंधित गांवों के सरपंचों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके सहयोग का अनुरोध किया गया। आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रखी जा रही हैं।
प्रतापनगर-टांडा रोड रेलखंड पर संचालित मेमू ट्रेन संख्या 69105/69106 के सुरक्षित एवं निर्बाध परिचालन को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं स्टाफ की तैनाती की जा रही है। रेलवे प्रशासन स्थानीय पुलिस, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं ग्रामीणों के सहयोग से अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
पश्चिम रेलवे, वडोदरा मंडल ने सभी नागरिकों से रेलवे पटरियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेलवे लाइन पर किसी भी प्रकार की वस्तु नहीं रखने तथा बच्चों एवं मवेशियों को रेलवे ट्रैक से दूर रखने की अपील की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने में जनसहयोग महत्वपूर्ण है।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
